उदयपुर। जिले के गोगुंदा क्षेत्र में गुरुवार रात सामाजिक कार्यक्रम से लौटने के बाद आपसी विवाद के बाद विवाहिता ने अपने पति पर कुल्हाडी से ताबडतोड वार कर दिए। उसे मृत समझ बाद में विवाहिता ने खुद को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह कदम उठाने से विवाहिता ने अपने जेठ को आॅडिया मैसेज भी भेजा जिसमें कहा कि मैं मरुंगी और मारुंगी, दादा अलविदा। पुलिस के अनुसार मजावडी गांव में उमेश गमेती व उसकी पत्नी दुर्गा गमेती गुरुवार रात को भजन संध्या से घर लौटे थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी ज्यादा बढ गई कि दुर्गा ने घर में रखी कुल्हाडी उठा पति उमेश पर ताबडतोड वार कर दिए। इससे वह लहुलुहान होकर जमीन पर गिर गया। पति को मृत समझ दुर्गा घबरा गई और खुद ने फंदा बांध फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार दोपहर तक घर से कोई आहट सुनाई नहीं दी आसपास लोगों ने घर में झांक कर देखा तो माजरा कुछ ओर ही नजर आया। उमेश लहुलुहान हालत में गंभीर घायल अवस्था में जमीन पर पडा था और दुर्गा फंदे पर लटकी हुई थी। सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भीड जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवा कर मोर्चरी में रखवाया जबकि गंभीर घायल उमेश को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हालाकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक घटना का उमेश के होश में आने पर ही पता चलेगी। कमरे के हालात और मौके पर मिले साक्ष्य के आधार पर संभावना जताई जा रही है कि दुर्गा ने उमेश को मार कर खुद ने आत्महत्या कर ली। उनके बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था यह उमेश के बयानों से ही पता चलेगा। पुलिस उमेश के बयान देने की स्थिति का इंतजार कर रही है।
विवाद के बाद पति पर कुल्हाडी मार पत्नी ने लगाई फांसी
