24 घंटे के लिए बंदे रहेंगे अभयारण्य
उदयपुर, 30 अप्रैल। लेक सिटी उदयपुर और आसपास के वन्यजीव क्षेत्रों में शुक्रवार से वन्यजीवों की गिनती का महत्वपूर्ण कार्य शुरू होने जा रहा है। वन्यजीव गणना वर्ष 2026 के तहत आयोजित होने वाली इस प्रक्रिया के कारण जिले के प्रमुख अभयारण्य आगामी 24 घंटों के लिए पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे।
वाटर होल पद्धति से होगी गणना
उप वन संरक्षक (वन्यजीव), यादवेंद्रसिंह चुण्डावत ने बताया कि वन्यजीवों की संख्या का आंकलन वाटर होल पद्धति द्वारा किया जाएगा। यह गणना वैशाख पूर्णिमा के अवसर पर 1. मई 2026 को सांय 5 बजे से शुरू होकर अगले दिन 2 मई 2026 को सांय 5 बजे तक लगातार 24 घंटे चलेगी। पूर्णिमा की रात चांदनी अधिक होने के कारण वाटर होल (पानी के स्रोतों) पर आने वाले वन्यजीवों को स्पष्ट रूप से देखा और गिना जा सकता है।
इन क्षेत्रों में रहेगा प्रवेश वर्जित
वन्यजीव गणना के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य, मानसून पैलेस (सज्जनगढ़ किला), जयसमन्द वन्यजीव अभयारण्य, फुलवारी की नाल, कोटड़ा वन्यजीव क्षेत्र तथा बाघदर्रा कन्जर्वेशन रिजर्व में शुक्रवार शाम 5 बजे से शनिवार शाम 5 बजे तक पर्यटकों का प्रवेश निषेध रहेगा। हालांकि सज्जनगढ़ जैविक उद्यान अपने निर्धारित समय पर खुला रहेगा। पर्यटक यहाँ वन्यजीवों का दीदार कर सकेंगे।
