उदयपुर का अनूठा हरियाली अमावस्या मेला इस साल 17 से

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

– दो दिवसीय मेले का दूसरा दिन सहेलियों के नाम

उदयपुर । शहर का अनूठा एवम विश्व प्रसिद्ध हरियाली अमावस्या का दो दिवसीय मेला इस साल 17 से लगेगा। फतह सागर की पाल एवं सहेलियों की बाड़ी मार्ग पर यह मेला नगर निगम द्वारा आयोजित किया जाएगा। हर साल की भांति इस मेले का दूसरा एवं अंतिम दिन केवल युवतियों के लिए रिजर्व रहेगा।

नगर निगम इस मेले के आयोजन की तैयारी में जुट गया है । राजस्व समिति अध्यक्ष अरविन्द जारोली ने बताया कि मेले को पूरी तरह पारंपरिक एवं पारदर्शी आयोजित करने को लेकर महापौर गोविंद सिंह टाक, उपमहापौर पारस सिंघवी ने विशेष निर्देश दिए हैं। महापौर ने मेले में लगने वाली अस्थाई दुकानों के आवंटन प्रक्रिया में भी परिवर्तन करने के निर्देश दिए, क्यों की प्रतिवर्ष खुली बोली में लोगो द्वारा पूल बना दिया जाता है जिससे नगर निगम की आय कम होती है। निर्देश की पालना में समिति अध्यक्ष अरविंद जारोली ने इस बार अस्थाई दुकानों की ऑनलाइन निविदा करने का प्रस्ताव रखा। अब निगम द्वारा केवल ऑनलाइन निविदा में भाग लेने वालो को ही अस्थाई दुकानें आवंटित की जाएगी।

ऑनलाइन नीलामी 11 जुलाई तक

जारोली ने बताया की हरियाली अमावस्या मेले में नगर निगम द्वारा चिन्हित स्थान पर अस्थाई रूप से लगने वाले झूले एवं स्टॉल हेतु ऑनलाइन निलामी में भाग लेने वाले दुकानदार 11 जुलाई सायं 4.55 तक अपनी निविदा भर सकते है। तय समय के पश्चात किसी भी प्रकार से कोई बदलाव संभव नहीं होगा।

बताया गया कि हरियाली अमावस्या मेले में कुल 705 दुकानों एवं 12 झूलों हेतु निविदा जारी की गई है। निविदा में अधिक से अधिक दुकानदार भाग लेवें एवं पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो इसको लेकर ही इस वर्ष प्रथम बार ऑनलाइन निविदा आमंत्रित की गई हैं।

महापौर उपमहापौर करेंगे मेला स्थल का निरीक्षण

हरियाली अमावस्या मेले स्थल का जायजा नगर निगम महापौर गोविंद सिंह टाक, उप महापौर पारस सिंघवी द्वारा लिया जाएगा। मेला स्थल पर सभी माकूल व्यवस्था उपलब्ध हो ऐसी कार्यवाही करने के निर्देश भी महापौर द्वारा जारी किए गए है। मेले की तैयारी को लेकर महापौर टांक, उपमहापौर सिंघवी ने सांस्कृतिक समिति अध्यक्षा चंद्रकला बोलियां एवं राजस्व समिति अध्यक्ष जारौली के साथ बैठक की। महापौर टांक ने मेले से संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेले के आयोजन में किसी भी प्रकार की कोई भी कमी नहीं रहे, इसका विशेष रुप से ध्यान रखा जाए। मेला संपूर्ण होने तक उपमहापौर पारस सिंघवी द्वारा प्रतिदिन मेला कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!