कराटे में उदयपुर का डबल धमाका, छात्र-छात्रा दोनों वर्गों में राज्य उपविजेता

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

12 पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान, आठ खिलाड़ियों का राष्ट्रीय चयन ट्रायल के लिए चयन
उदयपुर। राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में उदयपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया। श्रीगंगानगर के सादुलशहर में 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय स्कूल कराटे प्रतियोगिता-2026 में उदयपुर की अंडर-19 छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों की टीमें उपविजेता रहीं। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 12 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया। इनमें पांच स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं।
उदयपुर डिस्ट्रिक्ट कराटे-डो एसोसिएशन के महासचिव संजू सिंह एवं तकनीकी निदेशक ललित बैरागी ने बताया कि खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पांच स्वर्ण और तीन रजत पदक विजेताओं सहित कुल आठ खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय चयन ट्रायल के लिए हुआ है।
आदित्य सिंह, हिमांशु बैरागी, समिष्ट गहलोत, दर्शील खंडेलवाल और हिमांगी शाह ने स्वर्ण पदक जीतकर सफलता हासिल की, जबकि हिया चंडालिया एवं रुद्र पिल्लै ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
उदयपुर की इस उपलब्धि पर संघ के पदाधिकारियों, खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी राष्ट्रीय चयन ट्रायल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे। यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!