दादा गुरुदेव, साधु-साध्वियों एवं दादावाड़ियों के संबंध में दिए गए बयानों की निष्पक्ष जांच के लिए सौंपा ज्ञापन
उदयपुर, 9 अक्टूबर। हैदराबाद में खरतरगच्छ युवा एवं महिला परिषद के वार्षिक अधिवेशन के दौरान आयोजित धार्मिक सम्मेलन में जैन श्वेतांबर खरतर गच्छ की प्राचीन सुविहित परंपरा, दादा गुरुदेव, आचार्य भगवंतों, साधु-साध्वियों एवं दादावाड़ियों के संबंध में कथित आपत्तिजनक, भड़काऊ एवं धमकी भरे बयान दिए जाने के मामले में समाजजनों ने विरोध जताया है।
इस संबंध में संभागीय आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजकर संबंधित बयानों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
ज्ञापन में प्रशासन से आग्रह किया गया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे और समाज में आपसी सद्भाव एवं धार्मिक समरसता कायम रहे। साथ ही, किसी भी प्रकार के विद्वेष और तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की गई।
इस अवसर पर दादावाड़ी ट्रस्ट मंडल अध्यक्ष राज लोढ़ा, चातुर्मास संयोजक गजेन्द्र भंसाली, संघ परिवार के आजाद नाहर, सह-संयोजक सुभाष महात्मा, विकास सुराणा, युवा परिषद अध्यक्ष गौरव कोठारी, संजय खिमावत, सुरेन्द्र तलेसरा तथा कार्यकारिणी सदस्य कैलाश महात्मा सहित अन्य सदस्य जुड़े रहे। समाजजनों ने प्रशासन से प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया, जिससे सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बना रहे।
खरतरगच्छ परंपरा के संबंध में कथित आपत्तिजनक बयानों पर जताया विरोध, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
