24 अक्टूबर से डेयरी में नवाचार पर मंथन करेंगे देशभर के वैज्ञानिक, शोधार्थी और औद्योगिक प्रतिनिधि
उदयपुर, 22 अक्टूबर 2026। कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड टेक्नोलॉजी (CDFT), उदयपुर एवं CDFT एलुमनाई एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 24–25 अक्टूबर, 2026 को उदयपुर में दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इस सेमिनार की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं महत्त्व की जानकारी देने के लिए दिनांक 22 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 11:30 बजे CDFT के सेमिनार हॉल में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. करुण चांडालिया, अध्यक्ष, सीडीएफटी एलुमनाई एसोसिएशन ने बताया कि सेमिनार में लगभग 500 से 600 पूर्व छात्रों के शामिल होने की संभावना है। सीडीएफटी के पूर्व छात्र राजस्थान में डेयरी एवं खाद्य नीति-निर्माण में महत्वपूर्ण सुझाव देने के साथ सफल स्टार्टअप भी संचालित कर रहे हैं। वर्ष 1978 में महाविद्यालय में 12 विद्यार्थी थे, जबकि वर्तमान में डेयरी टेक्नोलॉजी में 52 एवं फूड टेक्नोलॉजी में 49 सीटें हैं। महाविद्यालय जनजातीय क्षेत्रों के सशक्तिकरण हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रहा है। उन्होंने डेयरी एवं खाद्य क्षेत्र में नवीन उत्पाद विकास की व्यापक संभावनाओं तथा इनके बेहतर बाजार मूल्य पर भी प्रकाश डाला।
श्री निर्भय गोयल (सचिव) एवं श्री नरेंद्र सिंह ने बताया कि डेयरी एवं खाद्य उद्योग में नवाचार, आधुनिक प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप एवं सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में रोजगार, करियर और उद्यमिता की व्यापक संभावनाएँ हैं। नवीन उत्पाद विकास, प्रयोगशाला से बाजार तक नवाचार तथा डेयरी एवं खाद्य वैल्यू चेन में तकनीकी उन्नयन के माध्यम से नए अवसर सृजित हो रहे हैं। सेमिनार में तकनीकी सत्रों, पैनल चर्चाओं एवं ड्रीम बॉक्स 2.0 के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगार, उच्च शिक्षा, सरकारी सेवाओं, अंतर्राष्ट्रीय करियर और उद्यमिता के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सीडीएफटी एलुमनाई एसोसिएशन विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों एवं उद्योग जगत के बीच समन्वय स्थापित कर रही है। इस आयोजन में देश-विदेश से पूर्व छात्रों एवं उद्योग प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी, जिससे ज्ञान, अनुभव एवं नेटवर्किंग को बढ़ावा मिलेगा।
सेमिनार का मुख्य आकर्षण ‘ड्रीम बॉक्स 2.0’ (Ask, Learn, Connect, Act) रहेगा, जिसके माध्यम से पूर्व छात्र वर्तमान विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुरूप करियर चयन, रोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों तथा भविष्य की संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। इसके लिए पाँच हॉल निर्धारित किए गए हैं, जिनमें उद्यमिता एवं स्टार्टअप, डेयरी एवं फूड उद्योग, सरकारी नौकरी एवं बैंकिंग, शिक्षा एवं विदेश अध्ययन तथा अंतर्राष्ट्रीय करियर एवं बी2बी नेटवर्किंग से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम का आयोजन शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को “Reconnect, Rejuvenate and Reimagine” थीम के तहत दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण प्रातः 8:30 बजे से आरसीए ऑडिटोरियम, सूरजपोल गेट, उदयपुर में आयोजित होगा, जिसमें उद्घाटन समारोह, श्री अशोक गोयल का कीनोट संबोधन, चार तकनीकी सत्र तथा डेयरी एवं खाद्य उद्योग में नवाचार और प्रौद्योगिकी के उपयोग पर पैनल चर्चा होगी। द्वितीय चरण अपराह्न 3:00 बजे से सीडीएफटी परिसर, एमपीयूएटी में आयोजित होगा, जिसमें ड्रीम बॉक्स 2.0, एलुमनाई एसोसिएशन की वार्षिक साधारण सभा, पुरस्कार वितरण, चुनाव, सांस्कृतिक संध्या एवं गाला डिनर शामिल होंगे। कार्यक्रम के टाइटल पार्टनर हल्दीराम्स, प्लेटिनम पार्टनर तिरुपति ग्रुप तथा गोल्ड पार्टनर अमूल/जीसीएमएमएफ हैं।
प्रेस वार्ता में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ वरिष्ठ पूर्व छात्र डॉ. कमलेश कुमार मीणा, श्री भरत आमेटा, श्री संदीप खींच, सुश्री सलोनी शर्मा, श्री लोकेश कुमावत, श्री धर्मेश शर्मा, श्री राहुल जांगू, सुश्री भूमि बयाती एवं श्री हंसराज हरीतवाल सहित अन्य पूर्व छात्र उपस्थित रहे।
इनोवेशन, टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप एवं सस्टेनेबिलिटी – खाद्य एवं डेयरी उद्योग का अगला दशक विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार
