एमपीयूएटी के तीन विद्यार्थियों का प्री-गणतंत्र दिवस शिविर के लिए चयन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 22 अक्टूबर 2026। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT), उदयपुर के तीन विद्यार्थियों का हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित होने वाले प्री-गणतंत्र दिवस (Pre-RD) शिविर के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. विक्रमादित्य दवे ने बताया कि सितंबर माह में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों के लिए उदयपुर संभाग स्तर पर प्री-गणतंत्र दिवस शिविर हेतु चयन प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी। इस चयन प्रक्रिया में 50 महाविद्यालयों के NSS स्वयंसेवकों ने भाग लिया। गहन चयन प्रक्रिया के पश्चात उदयपुर संभाग स्तर पर 10 स्वयंसेवकों का चयन किया गया, जिनमें एमपीयूएटी के तीन विद्यार्थी शामिल हैं। चयनित विद्यार्थियों में कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग (CTAE) के श्री रुद्र प्रताप एवं श्री आयुष तथा कॉलेज ऑफ कम्युनिटी एंड एप्लाइड साइंसेज (CCAS) के श्री हितेश नैन शामिल हैं।

डॉ. दवे ने तीनों चयनित विद्यार्थियों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना गतिविधियों के प्रति उनके समर्पण, अनुशासन एवं प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को शिविर हेतु आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी इंजी. विवेक मीणा एवं डॉ. मोनिका राय तथा सहायक अधिकारी श्री सोमशेखर व्यास एवं डॉ. केवल चंद सीरवी को भी बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की।
डॉ. दवे ने विश्वविद्यालय के माननीय कुलगुरु प्रोफेसर प्रताप सिंह के प्रति भी आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरणा, प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए उनका धन्यवाद किया। एमपीयूएटी के तीन विद्यार्थियों का संभाग स्तर पर चयन होना विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के युवा कार्यक्रमों एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाती है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!