डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर किया नमन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

कार्यकर्ताओं ने लगाया एक पौधा मुखर्जी के नाम
व्यक्ति जन्म से नही – कर्म से बनता है महान – जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़
डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए रहा समर्पित …..
उदयपुर, 6 जुलाई। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी शहर जिला की ओर से सोमवार को बूथ स्तर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा एक पौधा डॉ. मुखर्जी के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वार्ड 63 की ओर से आदर्श नगर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित संगोष्ठी एवं पौधारोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने की। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक-एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प भी लिया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि व्यक्ति जन्म से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से महान बनता है और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इसका सर्वोत्तम उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। राठौड़ ने कहा कि एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे का उनका उद्घोष भारत की एकता और अखंडता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था।

प्रकोष्ठ संयोजक एवं पूर्व पार्षद मनोहर चौधरी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उनका बलिदान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों का अनुसरण कर ही सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन प्रिंस जैन ने किया, जबकि अंत में नरेश वैष्णव ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड, मनोहर चौधरी, भरत वैष्णव, अर्जुन चितौडा, मिडिया सहप्रभारी कृष्णकांत कुमावत, कैलाश लक्ष्यकार, राजेश जैन, जगदीश पालीवाल, नरेश वैष्णव, चेतन वैष्णव सहित कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजली अर्पित कर उनके नाम से एक पौधा लगाया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!