विश्व हास्य योग दिवस पर आज सहेलियों की बाड़ी में गूंजेंगे ठहाके

उदयपुर। आलोक संस्थान, आलोक इंटरेक्ट क्लब तथा अखिल भारतीय नववर्ष समारोह समिति सहित 21 सामाजिक एवं सेवा संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में विश्व हास्य योग दिवस के अवसर पर रविवार को प्रातः 7 बजे सहेलियों की बाड़ी में एक भव्य एवं अनूठे हास्य योग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व विश्व रिकॉर्डधारी हास्य योग विशेषज्ञ श्रीगुरु डॉ प्रदीप कुमावत करेंगे। कार्यक्रम संयोजक  डॉ. शोभालाल ऑदिच्य ने बताया कि श्रीगुरु डॉ प्रदीप कुमावत द्वारा स्वयं लिखित एवं स्वरबद्ध मेवाड़ी गीतों पर प्रतिभागी ठुमके लगाएंगे और संगीतमय हास्य प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को उल्लासमय बनाया जाएगा। हर पाँच लाफ्टर प्रयोगों के बाद संगीतमय प्रस्तुतियाँ होंगी, जिनमें उपस्थित लोग नृत्य और सामूहिक उत्साह के साथ भाग लेंगे।
कार्यक्रम में “लाफ्टर अवार्ड” भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक ऊर्जा और हास्य योग को बढ़ावा देने वाले लगभग 15 व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। विश्व हास्य योग दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार प्रातः हिरणमगरी उपनगरीय क्षेत्र में आलोक इंटरैक्ट क्लब एवं आलोक संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा एक उत्साहपूर्ण एवं जागरूकता से भरपूर “लाफ्टर परेड” निकाली गई। इस विशेष परेड के माध्यम से आमजन को तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया गया तथा आज (रविवार को) सहेलियों की बाड़ी में प्रातः 7 बजे आयोजित होने वाले भव्य विश्व हास्य योग दिवस कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का निमंत्रण दिया गया। हाथों में लाफ्टर संदेशों वाली झंडियां, बैनर और स्लोगन लिए विद्यार्थियों ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण बना दिया। “हँसो और स्वस्थ रहो”, “तनाव छोड़ो, ठहाके जोड़ो” तथा “लाफ्टर योग अपनाओ, जीवन में खुशियां लाओ” जैसे नारों के साथ निकली यह परेड लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। लाफ्टर परेड का विधिवत शुभारंभ उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने लाफ्टर झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री गुरु डॉ. प्रदीप कुमावत द्वारा किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत अनूठा और समाज के लिए उपयोगी है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में हास्य योग लोगों के लिए एक अमूल्य उपहार साबित हो सकता है। डॉ. प्रदीप कुमावत ने कहा कि जीवन में कार्य और जिम्मेदारियां कभी समाप्त नहीं होतीं लेकिन तनावमुक्त रहना भी उतना ही आवश्यक है। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में लोग इन नए प्रयोगों का विशेष अनुभव प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य शशांक टांक, जयपाल सिंह रावत ने अतिथियों का उपरणा पहनाकर स्वागत किया। अंत में मनमोहन भटनागर ने सभी का आभार व्यक्त किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!