उदयपुर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर बीसीआई टूरिज्म की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रमों की शुक्रवार, 25 सितंबर से शुरुआत हुई। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान पर्यटन शिक्षा, इको टूरिज्म, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का सम्मान, सांस्कृतिक गतिविधियां, पारंपरिक मेहंदी कला तथा विश्व पर्यटन दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे।
पहले दिन इको टूरिज्म पर हुई विशेष गतिविधि
बीसीआई टूरिज्म की प्रेसिडेंट डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन शुक्रवार को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय स्थित टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट विभाग में इको टूरिज्म से जुड़ी विशेष गेम एवं गतिविधि आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से इको टूरिज्म और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों को समझा। कार्यक्रम में बीसीआई टूरिज्म की अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी, स्वाति स्वरूपारिया, गौरव भंडारी, कुलदीप सोनी एवं प्रियंक चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
आज पर्यटन विशेषज्ञों एवं पैनलिस्टों का होगा सम्मान
बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन शनिवार, को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय स्थित टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट विभाग में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों एवं पैनलिस्टों का सम्मान किया जाएगा। बीसीआई टूरिज्म की ओर से विभिन्न पैनलिस्टों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी होगी।
कल सहेलियों की बाड़ी में होगा विश्व पर्यटन दिवस पर विशेष समारोह
आयोजन का मुख्य कार्यक्रम कल 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर उदयपुर की ऐतिहासिक सहेलियों की बाड़ी में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे होगी।
इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस की थीम ‘पर्यटन एवं शांति’ रखी गई है। इसी भावना के अनुरूप कार्यक्रम में पर्यटन के माध्यम से संस्कृति, विरासत, कला और लोगों के बीच जुड़ाव को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।
कार्यक्रम में अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं पर्यटन आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य उदयपुर की समृद्ध संस्कृति, कला, विरासत और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ पर्यटकों एवं शहरवासियों को विशेष अनुभव प्रदान करना है।
पारंपरिक मेहंदी कला को मिलेगा विशेष मंच
विश्व पर्यटन दिवस समारोह के दौरान पारंपरिक मेहंदी कला को भी विशेष स्थान दिया जाएगा। कार्यक्रम में मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी तथा सहेलियों की बाड़ी आने वाले पर्यटकों के लिए नि:शुल्क मेहंदी की व्यवस्था रहेगी।
मेहंदी कलाकारों के लिए दोपहर 12 बजे पुरस्कार एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से पारंपरिक हिना आर्ट को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा और योगदान को सम्मान दिया जाएगा।
बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस केवल पर्यटन को बढ़ावा देने का अवसर नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, कला और विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण दिन भी है। बीसीआई टूरिज्म के माध्यम से ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो पर्यटन के साथ स्थानीय प्रतिभाओं और व्यवसायों के लिए भी नए अवसर पैदा करें।
बीसीआई टूरिज्म की अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने कहा कि उदयपुर अपनी झीलों, महलों, कला, संस्कृति और विरासत के कारण देश-दुनिया के पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित यह तीन दिवसीय आयोजन पर्यटकों को राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति से जोड़ने की दिशा में एक पहल है।
कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. श्रद्धा गट्टानी, पुष्कर पुरोहित, विनिता मोदी, स्वाति सरूपरिया, सुरभि मेनारिया, मुकेश व्यास, प्रियंका कोठारी, उज्ज्वल मेनारिया, अनुराधा ओझा, प्रियंक चौहान, गौरव भंडारी, कर्तव्य शुक्ला, रंजना भाटी, हितेंद्र कुमार मेहता, विक्रांत शाकद्विपीय, विशाल कपूर, पूर्णिमा मनोहर, कुलदीप सोनी, श्याम बाबू रॉय, कुषाग्र दवे, नितिन दशोरा, बृजराज सुहालका, लवदीप शर्मा एवं मीरा माथुर का सहयोग मिल रहा है।
