सनातनी चातुर्मास में रविवार को बही श्रद्धा की सरिता 

एक तरफ भक्तों ने तो दूसरी तरफ सावन ने किया बड़बड़ेश्वर महादेव का अभिषेक 
उदयपुर, 23 जुलाई। अरावली की उपत्यकाओं के बीच विराजित बड़बड़ेश्वर महादेव के प्रांगण में दिगम्बर खुशाल भारती महाराज के सानिध्य में चल रहे सनातनी चातुर्मास में रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की कतार रही। शाम को नियमित होने वाली भव्य संध्या आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित शामिल हुए। रविवार को बरसते सावन के मौसम में ऐसा लगा कि मानो एक तरफ श्रद्धालु भोलेनाथ का अभिषेक कर रहे हैं तो दूसरी तरफ सावन भी उन्हें रिझाने को आतुर है।
मीडिया संयोजक मनोज जोशी ने बताया कि यहां नित्यप्रति सूर्योदय से ही सनातन वैदिक ऋचायें गूंजने लगती हैं। काशी से यहां आए हुए आचार्य जितेन्द्र चतुर्वेदी गणेश हवन, बगलामुखी का हवन करने से पूर्व श्रद्धालुओं से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कराते हैं। रविवार को इसी क्रम में धर्मप्रेमी मनोज श्रीमाली ने सपत्नीक 501 पार्थिव शिवलिंग निर्मित किए और फिर उनका सुंदर शृंगार कर अभिषेक किया। आचार्य ने बताया कि पार्थिव शिवलिंग के अभिषेक का सनातन धर्म में बहुत महत्व है। पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिवस सवा लाख पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक होगा, जिसका भक्त स्वयं निर्माण करेंगे, इस अनुष्ठान में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपना नाम लिखा रहे हैं।
व्यवस्था प्रमुख हिमांशु बंसल ने बताया कि 25 जुलाई से शुरू होने वाली पंच पुराण कथाओं के क्रम में पहली कथा विष्णु पुराण की होगी जिसकी तैयारियां जारी हैं।  मेवाड़ की धरा पर लंबे कालखंड के बाद उदयपुर में विष्णु पुराण कथा होने जा रही है। कथा वाचन अंतरराष्ट्रीय कथाव्यास पंडित रुद्रदेव त्रिपाठी करेंगे।
दिनांक 25 जुलाई को प्रातः दस बजे मंगल कलश यात्रा निकलेगी जो गोवर्धन विलास स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर से प्रारंभ हो कर एक बजे बड़बड़ेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु विष्णु पुराण कथा का श्रवण करेंगे।
चातुर्मास समिति के महेश चष्ठा ने बताया कि सनातनी चातुर्मास के पहले दिन से ही नित्य दोपहर तथा संध्या आरती के बाद भंडारा चल रहा है जिसमें साधु, संन्यासी, अभ्यागत व दर्शन को पधारे श्रद्धालु निःशुल्क सात्विक भोजन प्रसाद प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विष्णु पुराण की कथा का पानी से बचाव का विशाल पांडाल भी तैयार हो गया है।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!