डॉ. सुरेंद्र मुनि की 40वीं दीक्षा जयंती पर समाज ने किया भव्य अभिनंदन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर 29 नवंबर। बडाला परिवार के तत्वावधान में रविवार को सापेटिया में आयोजित एक गरिमामय धार्मिक समारोह में डॉ. सुरेंद्र मुनि की 40 वीं दीक्षा जयंती पर समाज द्वारा उनका हार्दिक अभिनंदन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सुरेंद्र मुनि ने मन, वचन और काया से संयम के तीन प्रकार बताते हुए जीवन के हर प्रसंग में मर्यादा में रहने तथा स्वयं को आत्मभाव में रमण करने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रवर्तक डॉ. राजेंद्र मुनि ने कम खाना, गम खाना व नम जाना के सूत्रों को अपनाकर मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि मर्यादा का पालन करने के कारण ही मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम कहलाए। घर, परिवार, समाज, संघ और राष्ट्र के सफल संचालन तथा कर्तव्य पालन के लिए धार्मिक, सामाजिक, आध्यात्मिक एवं राजनीतिक जीवन में मर्यादा अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि एवं शिक्षक नेता भंवर सेठ ने डॉ. सुरेंद्र मुनि द्वारा विरचित साहित्य का उल्लेख करते हुए महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया और दीक्षा जयंती की बधाई दी। सभा में जैन कॉन्फ्रेंस की राजस्थान प्रांत की महिला अध्यक्षता पुष्पा खोखावत, ग्रंथालय के महामंत्री रमेश खोखावत तथा अहिंसा पुरी समाज के विजय शिशोदिया, जैन कांफ्रेंस के राष्ट्रीय मंत्री दिनेश चोरड़िया एवं जैन कॉन्फ्रेंस जीव दया के अध्यक्ष नरेंद्र डांगी आदि ने अपनी शुभकामनाएं अर्पित कीं।
सभा में डबोक जैन संघ के आग्रह पर मुनि श्री के आगामी प्रवास की जानकारी दी गई, जिसके तहत वे यहां से प्रस्थान कर 30 नवंबर को नाकोड़ा नगर होते हुए 1 दिसंबर को डबोक जैन स्थानक में पहुंचेंगे। समारोह में जैन साध्वी शीतल जी ने भी गुरुजनों के दर्शन लाभ लेकर सभी को मंगलकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम के अंत में समाजसेवी सुरेश बडाला ने आभार व्यक्त किया तथा सभी ने अल्पाहार का लाभ लिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!