-गुजरात और मध्यप्रदेश के 90 जनजाति कार्यकर्ताओं को सौंपी गई थी चुनावी जिम्मेदारी
-चुनाव से पहले 17 अक्टूबर को उदयपुर में हुई अंतरराज्यीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण बैठक में बनी थी रणनीति
-पंचायत चुनाव-तारणहार रहे गुजरात- मध्यप्रदेश
उदयपुर। राजस्थान के पंचायती राज चुनावों में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की तुलना में दक्षिण राजस्थान के जनजाति बहुल जिलों में भारतीय जनता पार्टी का स्ट्राइक रेट काफी बेहतर रहा। उदयपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा और डूंगरपुर सहित मेवाड़-वागड़ के जनजाति अंचल में भाजपा की इस सफलता के पीछे चुनाव से पहले तैयार की गई विशेष रणनीति और अंतरराज्यीय संगठनात्मक समन्वय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठक व एसटी मोर्चा के पालक वी. सतीश और उदयपुर सांसद एवं भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत के नेतृत्व में तैयार की गई। इस रणनीति के तहत गुजरात और मध्यप्रदेश के जनजाति कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में उतारा गया था।
राजस्थान पंचायती राज चुनाव में अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित पंचायत समिति प्रधान और जिला प्रमुख पदों पर भाजपा ने विशेष फोकस किया। इसके लिए चुनाव से पहले ही 17 अक्टूबर 2026 को उदयपुर में गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान के जनजाति कार्यकर्ताओं का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश और डॉ. मन्नालाल रावत के नेतृत्व में हुई इस संगठनात्मक कार्यशाला में जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गोपीचंद मीणा सहित तीन राज्यों के कुल 113 अनुभवी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें मध्यप्रदेश के 23, गुजरात के 67 और राजस्थान के 23 कार्यकर्ता शामिल थे।
इस बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर विस्तृत रणनीति व कार्ययोजना तैयार की गई और एसटी के लिए आरक्षित पंचायत समितियों में इन चुनिंदा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई। कठिन भौगोलिक, विशिष्ट सांस्कृतिक और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश की सीमा से सटे क्षेत्रों में मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं की टीम लगाई गई, जबकि डूंगरपुर, उदयपुर, सिरोही और बांसवाड़ा में गुजरात के जनजाति कार्यकर्ताओं को चुनावी जिम्मेदारी सौंपी गई।
हर पंचायत समिति के लिए बनाई गई थी विशेष टीम
रणनीति के तहत प्रत्येक संबंधित पंचायत समिति में एक विशेष प्रधान यूनिट गठित की गई थी। इस यूनिट में प्रत्याशी की प्राथमिकता से लेकर चुनाव प्रचार, जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों तक की निगरानी, सहयोग व सहकार की व्यवस्था की गई। इन टीमों के कार्यकर्ता केवल प्रचार तक सीमित नहीं रहे, बल्कि प्रत्याशियों के साथ समन्वय बनाकर चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी भी करते रहे। चुनाव अभियान के दौरान ये टीमें लगातार वी. सतीश और डॉ. मन्नालाल रावत के मार्गदर्शन में काम करती रहीं। समय-समय पर प्रचार अभियान की समीक्षा कर आवश्यक बदलाव भी किए गए।
चुनाव परिणामों में उदयपुर जिले में भाजपा ने स्पष्ट बढ़त हासिल करते हुए 20 में से 11 पंचायत समिति प्रधान बनाने में सफलता प्राप्त की। वहीं प्रतापगढ़ में भी भाजपा ने जिला प्रमुख का पद हासिल किया। बांसवाड़ा, डूंगरपुर, सलूंबर और चित्तौड़गढ़ सहित जनजाति बहुल क्षेत्रों में पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को कड़ी चुनौती दी। इन नतीजों ने मेवाड़-वागड़ के जनजाति अंचल में भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता और चुनावी रणनीति के प्रभाव को सामने रखा है।
राजनीतिक दृष्टि से इन चुनावों को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनजाति बहुल क्षेत्रों में भाजपा ने अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत बनाए रखने के साथ संगठनात्मक स्तर पर भी अपनी सक्रियता का परिचय दिया है। वहीं भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) और कांग्रेस के सामने इन क्षेत्रों में भाजपा की चुनौती और मजबूत हुई है।
बीएपी की रणनीति और नेतृत्व भी चर्चा में
इन चुनावों में बीएपी के सांसद राजकुमार रोत की भूमिका भी राजनीतिक चर्चा का विषय रही। चुनाव परिणामों के बाद पार्टी के भीतर कुछ निर्णयों को लेकर असहमति की बातें भी सामने आईं। राजनीतिक हलकों में उनके परिवार से जुड़े कुछ प्रत्याशियों की हार और उनकी अपनी पंचायत में बीएपी को मिली पराजय को भी पार्टी के लिए झटके के रूप में देखा जा रहा है।
कुल मिलाकर दक्षिण राजस्थान के जनजाति अंचल के पंचायत चुनाव परिणामों ने यह संकेत दिया है कि यहां चुनावी मुकाबला केवल स्थानीय प्रत्याशियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संगठनात्मक रणनीति, कार्यकर्ताओं के समन्वय और बूथ स्तर तक की सक्रियता ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भाजपा के इस प्रदर्शन में वी. सतीश और डॉ. मन्नालाल रावत के नेतृत्व में चुनाव से पहले तैयार की गई अंतरराज्यीय कार्यकर्ता रणनीति को पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
इस अभियान को धरातल उतारने में राजस्थान की बंशीलाल कटारा की निगरानी में राजस्थान के राजबहादुर मीणा प्रदेश महामंत्री, मध्य प्रदेश के दिलीप मकवाना-कल सिंह रावत पूर्व विधायक एवं गुजरात के एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गणपत सिंह वसावा की भी महत्ती भूमिका रही।
राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में ‘जनजाति क्षेत्र व समाज की सबसे बड़ी हितेषी पार्टी भाजपा है’, की थीम पर हमने सहयोग, सहकार व समन्वय की दृष्टि से ब्लॉक केंद्रीत रचना बनाई, जिसके सकारात्मक परिणाम रहे हैं। सभी को बधाई।
-डाॅ मन्नालाल रावत, सांसद, उदयपुर व राष्ट्रीय अध्यक्ष- भाजपा एसटी मोर्चा
दक्षिण राजस्थान के जनजाति अंचल में बेहतर रहा भाजपा का स्ट्राइक रेट
