फतहनगर। फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका की आज एक महत्वपूर्ण और हंगामेदार बैठक आयोजित की गई, जो लगभग ढाई से तीन घंटे तक चली। बैठक के दौरान कई अहम मुद्दों पर तीखी चर्चा हुई, जिसमें मुख्य रूप से टेंडर प्रक्रिया, भूमि आवंटन और शहर के विकास कार्यों से जुड़े विषय शामिल रहे।
टेंडर प्रक्रिया के बजाय कमेटी करेगी फैसला:
बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु टेंडर प्रक्रिया रहा। पिछले टेंडर नियमों और प्रक्रियाओं को लेकर बैठक में काफी हंगामा हुआ, जिसके बाद सर्वसम्मति से पुरानी टेंडर प्रक्रिया के स्थान पर इसके लिए एक विशेष कमेटी (समिति) का गठन किया गया है। यह कमेटी ही तय करेगी कि कार्यों के लिए किसे रखना है, किसे काम देना है और दरों (रेट्स) का निर्धारण कैसे किया जाएगा। कमेटी द्वारा तय की गई प्रक्रिया के आधार पर ही आगे के कलाकारों और कार्य का चयन किया जाएगा, जिससे पहले से तय फिक्स व्यवस्था समाप्त हो गई है।
दशहरा मेले के लिए बनाई गई 10 सदस्यीय समिति में अध्यक्ष ममता चपलोत, उपाध्यक्ष श्रेया गर्ग के अलावा भाजपा से मुकेश खटीक, सीमा देवी सोनी, सचिन खटीक, और रोहित गुप्ता तथा कांग्रेस से विकास लावटी, किशन गुर्जर, गीता देवी खटीक और शरीफ को लिया गया है।
विकास कार्यों और आयोजनों पर चर्चा
बैठक में आगामी त्योहारों और कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें दशहरा मेले के तीन दिवसीय आयोजनों को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। इसके अलावा लाइट, नाले की सफाई, सड़क और साफ-सफाई जैसे बुनियादी मुद्दों पर भी पार्षदों ने अपनी बात रखी।
