गौसेवा, श्रद्धा और संवेदना का महापर्व: अशोकनगर गौशाला में आज होगा 12वां छप्पन भोग महोत्सव

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर। गुरु कमलचंद्र रोशन गौ सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित 108 गौशालाओं में चल रही छप्पन भोग सेवा प्रकल्प श्रृंखला के अंतर्गत 12वां छप्पन भोग महोत्सव आगामी 13 जून को दोपहर 3:30 बजे अशोकनगर मोक्षधाम गौशाला में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन गौमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा, दया, करुणा, संवेदना और आस्था का अनुपम संगम होगा।
ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष स्वीटी जैन ने बताया कि इससे पूर्व भी अशोकनगर गौशाला में छप्पन भोग का आयोजन अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था। उस आयोजन को उदयपुरवासियों से मिले अपार प्रेम, स्नेह और उत्साहजनक प्रतिसाद को देखते हुए पुनः इसी स्थल पर इस दिव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान गौरव एवं ट्रस्ट के ब्रांड एम्बेसडर डॉ. जिनेंद्र शास्त्री भी लंबे समय से यह इच्छा व्यक्त कर रहे थे कि उदयपुरवासियों को इस अद्भुत गौसेवा महायज्ञ को निकट से देखने, समझने और उसका साक्षी बनने का अवसर पुनः मिले। जनमानस की भावनाओं और मांग को ध्यान में रखते हुए 13 जून को एक बार फिर यह भव्य आयोजन करने का निर्णय लिया गया।
यह आयोजन स्वर्गीय नारायणी देवी पोखरना की पुण्य स्मृति में खुमानचंद जी एवं संपत जी पोखरना परिवार द्वारा आयोजित किया जा रहा है। परिवार का मानना है कि अपने प्रियजनों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने का सबसे श्रेष्ठ माध्यम सेवा, समर्पण और लोककल्याण के कार्य हैं। इसी उद्देश्य से उन्होंने समाज को संदेश दिया है कि यदि किसी स्वजन की स्मृति में कोई यादगार आयोजन करना हो तो उसे गौसेवा, श्रद्धा, करुणा और संवेदना से जुड़े ऐसे पुण्य कार्यों से अवश्य जोड़ा जाना चाहिए।
छप्पन भोग महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गौमाता के प्रति कृतज्ञता, सेवा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, गौभक्तों एवं शहरवासियों की उपस्थिति रहने की संभावना है। ट्रस्ट ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर गौसेवा के इस महायज्ञ में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!