उदयपुर, 11 मई। ग्राम रथ अभियान के तहत सोमवार को खैरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कानुवाड़ा में विभागीय डीबीटी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चैक वितरित किए गए। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, समाजसेवी पुष्कर तेली तथा नाना लाल अहारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की फार्म पौंड, कृषि यंत्र, तारबंदी सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चैक वितरित किए गए। वहीं, ऋषभदेव पंचायत समिति के कोजावाड़ा निवासी श्री खेमराज मीणा को कृषि विभाग की खेत तलाई एफआरए योजना के तहत 94 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई। पशुपालन विभाग की मंगला पशु बीमा योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में ग्रामीणों को 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य सरकार ग्राम रथ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा डीबीटी योजनाओं के जरिए पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर खेरवाड़ा उपखंड अधिकारी रामकरण, बीडीओ पंकज आर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जनगणना – 2027
अधिकारी-कर्मचारी एवं संबद्ध संस्थाओं सहित अधिकाधिक लोग करें स्वगणना
स्वगणना की अंतिम तिथि 15 मई
उदयपुर, 11 मई। जनगणना 2027 के लिए चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के प्रथम चरण के तहत स्वगणना को लेकर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के नेतृत्व में जिला प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। जिले में स्वगणना को लेकर नियमित रूप से प्रशिक्षण, शिविर आदि के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को कड़ा निर्देश जारी करते हुए कहा है कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों और उनसे जुड़े सामाजिक संगठनों को 15 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से स्व-गणना पूर्ण करने की हिदायत दी। साथ ही विभागीय अधिकारियों को जिला, ब्लाॅक व ग्राम स्तर के कार्मिकों की भी स्वगणना कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन तक उसका सकारात्मक संदेश जाए और जन सहभागिता बढे। उन्होंने बताया कि स्वगणना प्रक्रिया आसान है। अधिकृत पोर्टल के माध्यम से स्वगणना दर्ज की जा सकती है। संपूर्ण प्रक्रिया का वीडियो भी उपलब्ध है, जिसके माध्यम से स्टेप बाय स्टेप स्वगणना की सकती है।
