उदयपुर में आज से UTCL-4 का आगाज, राजस्थान भर के 210 टेंट पदाधिकारी जुटे

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को उदयपुर के ओपेरा गार्डन एंड बैंक्वेट में प्रदेशभर के टेंट व्यवसायियों की महत्वपूर्ण बैठक होगी। साथ ही शाम से तीन दिन दिवसीय उदयपुर टेंट क्रिकेट लीग के चौथे सत्र का भी शुभारंभ होगा।
समिति अध्यक्ष सुधीर चावत ने बताया कि सुबह 10 बजे आयोजित होने वाली इस बैठक में करीब 42 जिलों से पांच-पांच पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान और प्रदेशभर के व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की जाएगी।
महामंत्री सुनील हिंगड़ ने बताया कि संगठन का उद्देश्य प्रदेश के करीब 55 हजार टेंट व्यवसायियों को एकजुट कर उनकी समस्याओं को प्रभावी मंच प्रदान करना है। हिंगड़ ने बताया कि सभी जिलों के पदाधिकारियों को शामिल करते हुए गठित समिति में सुधीर चावत को संयोजक तथा बाबूलाल रांकावत और द्वारका प्रसाद पचीसिया को संरक्षक बनाया गया है।
उदयपुर जिला टेंट व्यवसायी समिति के सुनील हिंगड़,सिद्धार्थ चावत,कमल शर्मा,प्रतीक सिंघल एवं दीपक खाब्या ने बताया कि सभी आठ टीमों के लिये आईपीएल की तर्ज पर जर्सी बनायी गई है। प्रत्येक मैच के बाद दो मिनिट का स्ट्रेटेजिक टाईम भी रखा गया है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में व्यवसायियों के परिवारों की आठ टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 15 मुकाबले खेले जाएंगे।
महामंत्री कमल पोखरना ने बताया कि उद्घाटन समारोह में सांसद मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, यूडीए आयुक्त एवं नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। ट्रॉफी का अनावरण अमित मोटवानी, डालचंद हलवाई एवं गर्वित सरिया करेंगे।
कोषाध्यक्ष महेंद्र जैन ने बताया कि शाम 5 बजे ओपेरा गार्डन के मैदान में सभी आठ टीमों की भव्य परेड होगी। इसके लिए पुणे से विशेष ‘पुणेरी ढोल’ दल बुलाया गया है। रंगारंग आतिशबाजी भी होगी। आयोजन में करीब 800 से 900 सदस्यों के शामिल होने की संभावना है।
क्रिकेट विशेषज्ञ डॉ. नितिन मेनारिया की देखरेख में होने वाले सभी मुकाबले आठ-आठ ओवर के होंगे। पहला ओवर महिला सदस्य खेलेंगी, जबकि शेष सात ओवर पुरुष सदस्यों द्वारा खेले जाएंगे। तीसरे दिन दो सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला होगा। इसके बाद जिला टेंट व्यवसायी समिति की कार्यकारिणी के बीच मैत्री मैच भी आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अनिल वैद,कंवलजीतसिंह ,असलम भाई का भी सहयोग रहेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!