नाबालिग को थाने में बंद करने के मामले में एसपी ने तलब की रिपोर्ट

उदयपुर। शहर के भूपालपुरा थाना पुलिस द्वारा मारपीट के एक मामले में एक नाबालिग को थाने में चौबीस घंटे बंद करने व उसके साथ मारपीट कर टॉयलेट साफ करवाने के मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। मामले का खुलासा होने और समाचारों की सुर्खियां बनने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता ने भूपालपुरा थानाधिकारी आदर्श कुमार से रिपोर्ट तलब की है। एसपी का कहना है कि रिपोर्ट की जांच के आधार पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बता दें मारपीट के मामले में भूपालपुरा थाना पुलिस ने एक युवक व नाबालिग को पकड थाने में बंद कर दिया। दोनों को तहसीलदार के समक्ष पेश करने के दौरान आधार कार्ड से पता चला कि इनमें से एक 16 साल 6 माह का होकर नाबालिग है। यह देख तहसीलदार ने भी जमानत कार्रवाई से इंकार कर दिया। इसके बाद कलेक्ट्री परिसर में काफी देर तक वकील, पुलिस और परिजनों के बीच गर्मागर्मी होती रही। बाद में नाबालिग की थाने से जमानत मुचलके की प्रक्रिया पूरी की गई।

सादे वस्त्रधारी महिला पुलिसकर्मियों ने दबौचे दो बदमाश, मोटरसाइकिल जब्त
उदयपुर। जिला पुलिस अधीक्षक डाॅ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार एएसपी सिटी उमेश ओझा के निर्देशन में महिला सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस की विशेष कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा डिकाॅय आॅपरेशन किया जा रहा है। इसमें कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा सादा वस्त्रों में शहर के विभिन्न स्थानों पर गुप्त निगरानी व लगातार गश्त कर सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन, महिलाओं/छात्राओं पर फब्तियां कसने/अनुचित व्यवहार व अन्य अपराध करने वालों पर कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को दबौचा और एक मोटरसाइकिल जब्त की। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा अब तक कुल 25 लोगो को अनुचित व्यवहार, शराब का सेवन व अन्य अपराध करने पर पकडा जा चुका है। आगे भी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिटी के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सादा वस्त्रों में संवेदनशील स्थानों पर गश्त व गुप्त निगरानी के जरिए कार्यवाही जारी रहगी। इसी तरह पर्यटन थानाधिकारी सुशीला खोईवाला मय टीम द्वारा पर्यटक स्थलों पर दो मनचलों को शराब के नशे में गलत हरकत करते हुए पाए जाने पर पकडा गया।

जान से मारने की धमकी दे आग लगा जला दी मोटरसाइकिल
उदयपुर। जिले के मावली थानांतर्गत आसोलियों की मादडी चौराहा पर आपसी विवाद के चलते जान से मारने की धमकियां देते हुए मोटरसाइकि को आग लगा जला देने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार प्रहलाद पुत्र मांगीदास वैष्णव निवासी सुखवाडा ढाणी डबोक ने सुरेश दास गोपाल दास, ललित, कुंदन, विष्णु दास व अरुण हितेश दास, निवासी सुखवाडा ढाणी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें उसके साथ आरोपियों द्वारा मारपीट करने व जान से मारने की धमकियां देने तथा उसकी मोटरसाइकिल में आग लगाकर जला देने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ग्यारह लाख लेकर दूसरे को बेच दिया मकान
उदयपुर। शहर से सटे बडगांव थानांगर्तत धोखे में रखकर ग्यारह लाख रुपए लेकर मकान दूसरे को बेच छल करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार गमेरसिंह पुत्र हीरासिंह राजपूत निवासी गेणावटिया बस्ती लई का गुडा ने पुष्पा पटेल पत्नी गुलाबचंद पटेल निवासी मार्डन नगर, नारायण सेवा संस्थान चौराहा थूर रोड चिकलवास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपी द्वारा उसको धोखे में रखकर उससे सम्पत्ति पेटे 11 लाख रुपए राशि ऐंठकर मकान मय भूखण्ड किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर छल करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!