राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस का आगाज मंगलवार से, पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया जाएगा भव्य समारोह

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पहले दिन बच्चों की क्विज प्रतियोगिता, सफाई व पौधारोपण, बच्चों का थानों में भ्रमण, प्रदर्शनी, रक्तदान शिविर का होगा आयोजन

जयपुर/ उदयपुर  14 अप्रैल। इस वर्ष प्रदेश में राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस समारोह 16 अप्रैल 2025 को राज्य स्तर, रेंज, जिला, यूनिट, प्रशिक्षण संस्थान स्तर पर हर वर्ष की भाँति धूमधाम से मनाया जाएगा। राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन राजस्थान पुलिस अकादमी में किया जा रहा है।

महानिदेशक पुलिस श्री उत्कल रंजन साहू ने बताया कि राज्य स्तरीय समारोह की श्रंखला में मंगलवार 15 अप्रैल को बच्चों की क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिनके विजेता एवं उनके अभिभावकों को बुधवार को मुख्य समारोह में आमंत्रित किया जायेगा। 15 व 16 अप्रैल, 2025 को सभी पुलिस कार्यालयों व परिसरों में सफाई व पौधारोपण किया जाएगा।

डीजीपी श्री साहू ने बताया कि चयनित थानों में स्कूल के बच्चों का भ्रमण व प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर, पुलिस लाईन आयुक्तालय, जयपुर व जयपुर ग्रामीण पुलिस लाईन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में जयपुर स्थित पुलिस कार्यालयों में कार्यरत कार्मिकों व स्वयंसेवकों के द्वारा स्वेच्छा से रक्तदान किया जाए।

श्री साहू ने बताया कि राज्य में रेंज मुख्यालय, जिला, यूनिट एवं प्रशिक्षण संस्थान में राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार व बुधवार को स्वच्छता कार्यक्रम, पौधारोपण, रक्तदान शिविर का आयोजन किया जायेगा। इसके अन्तर्गत रेंज व जिला पुलिस के सभी कार्यालयों, पुलिस लाईन्स, पुलिस थानों, पुलिस चौकियों में साफ-सफाई व पौधारोपण किया जाना है। इस दौरान जिला पुलिस लाईनों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाए।

मंगलवार की संध्या पर जिला पुलिस लाईन, आरएसी बटालियन मुख्यालय एवं प्रशिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, जिसके अन्तर्गत खेलकूद, वाद-विवाद, कविता वाचन, नृत्य प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में उपस्थित व भाग लेने के लिए पुलिस कार्मिकों के परिवारजनों को भी आमन्त्रित किया जायेगा। इस समारोह में पुलिसकार्मिकों के बच्चे, जिन्होंने खेलकूद, पढाई एवं अन्य गतिविधि में अच्छा योगदान / अच्छा प्रदर्शन किया है, उन्हें पुलिस अधीक्षक या कमाण्डेन्ट द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

—पुलिस दिवस समारोह आज से: देशभक्ति के सुर और जागरूकता से जुड़ेंगे युवा
—स्कूलों में क्विज, फतहसागर पर पुलिस बैंड की प्रस्तुति और उत्कृष्ट सेवा सम्मान के कार्यक्रम होंगे आयोजित

पुलिस दिवस समारोह 2025 के तहत उदयपुर पुलिस द्वारा 15 से 17 अप्रैल तक विभिन्न जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इन आयोजनों का उद्देश्य आमजन विशेषकर युवाओं को पुलिस व्यवस्था से जोड़ना और उन्हें कानून व सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना है।

15 अप्रैल को शाम 5 बजे फतहसागर की पाल पर पुलिस बैंड देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देगा, जिससे नागरिकों में देशप्रेम की भावना प्रबल हो। इसी दिन 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें साइबर सुरक्षा, ट्रैफिक नियम, महिला सुरक्षा और नए आपराधिक कानूनों से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे।

16 अप्रैल को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय समारोह में सेरेमोनियल परेड और उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। 17 अप्रैल को संभाग स्तरीय क्विज महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में आयोजित होगी। विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। रक्तदान शिविर, पौधारोपण और प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम भी समारोह को विशेष बनाएंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!