राष्ट्रीय स्तर के दो महत्वपूर्ण वन्यजीव संरक्षण कार्यक्रमों में उदयपुर के राहुल भटनागर करेंगे सहभागिता

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 7 जुलाई। उदयपुर निवासी एवं राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के सदस्य तथा सेवानिवृत्त मुख्य वन संरक्षक राहुल भटनागर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले दो महत्वपूर्ण वन्यजीव संरक्षण कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
पहला कार्यक्रम NTCA की 29वीं बैठक है, जो 9 जुलाई 2026 को सेंट्रल एकेडमी फॉर स्टेट फॉरेस्ट सर्विस (CASFOS), कोयम्बटूर में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं NTCA के अध्यक्ष भूपेन्द्र यादव करेंगे। इस बैठक में देशभर में बाघ संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन और संरक्षण संबंधी विभिन्न नीतिगत विषयों पर चर्चा की जाएगी।
इसके अगले दिन 10 जुलाई 2026 को कोयम्बटूर के रेडिसन ब्लू होटल में मानव–वन्यजीव संघर्ष (Human-Wildlife Conflict) विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला एवं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ होगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव होंगे, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय कार्यशाला में मानव–हाथी संघर्ष, मानव–बड़े मांसाहारी वन्यजीव संघर्ष, तकनीकी एवं नवाचार आधारित समाधान, अन्य वन्यजीवों से होने वाले संघर्ष तथा भविष्य की रणनीतियों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, मानव–वन्यजीव संघर्ष पोर्टल का शुभारंभ होगा तथा इस विषय पर राष्ट्रीय प्रकाशन भी जारी किया जाएगा।
उदयपुर के वरिष्ठ वन अधिकारी रहे राहुल भटनागर की इन दोनों राष्ट्रीय आयोजनों में सहभागिता को राजस्थान तथा विशेष रूप से मेवाड़ क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। वन्यजीव संरक्षण, बाघ संरक्षण एवं मानव–वन्यजीव संघर्ष प्रबंधन के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव का लाभ राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इन महत्वपूर्ण बैठकों में मिलेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!