आरएनटी मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय अंगदान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी रहे उपस्थित
उदयपुर, 3 अगस्त। रवीन्द्र नाथ टैगोर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं सम्बद्ध चिकित्सालय में राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी तथा विशिष्ट अतिथि उदयपुर शहर के विधायक ताराचंद जैन थे।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन, अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. विजय गुप्ता, महाराणा भूपाल चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन, सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन माथुर, टीबी एवं चेस्ट चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज आर्य, नोडल ऑफिसर ऑर्गन रिट्रीवल डॉ. तरुण रलोत एवं सहायक नोडल ऑफिसर डॉ. पंकज सोमानी सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक, संकाय सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विशिष्ट अतिथि ताराचंद जैन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने अंगदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक ब्रेन डेड व्यक्ति अपने अंगों के माध्यम से आठ गंभीर रूप से बीमार मरीजों को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक नागरिक से अंगदान के प्रति जागरूक होने एवं अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि बाबूलाल खराड़ी ने भारतीय संस्कृति में त्याग एवं मानव सेवा की परंपरा का उल्लेख करते हुए महर्षि दधीचि का उदाहरण प्रस्तुत किया, जिन्होंने लोककल्याण हेतु अपनी अस्थियाँ दान कर देवताओं की सहायता की थी। उन्होंने कहा कि आज के युग में अंगदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है तथा समाज में अंगदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर कर प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर अंगदान जागरूकता अभियान एवं अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स एवं सहयोगियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. राहुल जैन ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज की ऑर्गन रिट्रीवल टीम के समर्पण, उत्कृष्ट कार्यशैली एवं संस्थान द्वारा अंगदान जागरूकता के लिए किए जा रहे विभिन्न नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम की अथक मेहनत एवं समाज के सहयोग से भविष्य में और अधिक लोगों का जीवन बचाया जा सकेगा तथा इस मिशन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
नोडल ऑफिसर डॉ. तरुण रलोत ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज द्वारा अंगदान जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों, जन-जागरूकता अभियानों एवं शपथ अभियान की जानकारी देते हुए ब्रेन डेथ के वैज्ञानिक पहलुओं, अंगदान की कानूनी प्रक्रिया तथा गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए अंग प्रत्यारोपण की आवश्यकता को सरल भाषा में समझाया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण सहायक नोडल ऑफिसर डॉ. पंकज सोमानी द्वारा आयोजित वैज्ञानिक पैनल चर्चा रही। इस चर्चा में जनसामान्य एवं विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए वैज्ञानिक, सामाजिक, भावनात्मक एवं मानवीय पहलुओं से जुड़े प्रश्नों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सरल एवं वैज्ञानिक उत्तर देकर अंगदान से जुड़ी अनेक भ्रांतियों का प्रभावी निराकरण किया।
पैनल में डॉ. विपिन माथुर (गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी), डॉ. विनय नथानी (सीटीवीएस सर्जन), डॉ. मुकेश शर्मा (कार्डियोलॉजिस्ट), डॉ. तरुण रलोत (न्यूरोलॉजिस्ट), डॉ. गौरव जायसवाल (न्यूरोसर्जन), डॉ. सुनील गोखरू (यूरोलॉजिस्ट), डॉ. पंकज बेनीवाल एवं डॉ. हर्षा माखीजा (नेफ्रोलॉजिस्ट), डॉ. उदिता नथानी (एनेस्थीसियोलॉजिस्ट), डॉ. ओ.पी. मीणा (मेडिसिन) तथा डॉ. मुक्ता सुखाड़िया (जनरल सर्जरी) ने अपने विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन
100 से अधिक चिकित्सकों एवं मेडिकल विद्यार्थियों ने ली अंगदान की शपथ
अंगदान दिवस के अवसर पर नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन जो स्वास्थ्य सेवा से राष्ट्र सेवा के संकल्प से जुड़ा संगठन है, के 100 से अधिक चिकित्सकों एवं मेडिकल विद्यार्थियों ने अंगदान की शपथ लेकर समाज को एक प्रेरणादायी संदेश दिया।
इस अवसर पर संगठन के सदस्यों ने अंगदान के महत्व पर जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि हमारा सतत प्रयास समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है, ताकि ‘जीते जी रक्तदान और मरणोपरांत अंगदान’ का संकल्प जन-जन तक पहुँचे और अधिक से अधिक लोगों का जीवन बचाया जा सके।

इस अवसर पर पूर्व में अंगदान करने वाले स्वर्गीय कान सिंह तथा अंगदान की सहमति प्रदान करने वाले स्वर्गीय कांतिलाल जोशी के परिजनों का अतिथियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मान किया गया। अतिथियों ने उनके इस महान निर्णय को समाज के लिए अनुकरणीय बताते हुए अन्य परिवारों को भी प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान आरएनटी मेडिकल कॉलेज की ऑर्गन रिट्रीवल टीम के उत्कृष्ट कार्यों एवं अंगदान जागरूकता अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए टीम के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित सदस्यों में नोडल ऑफिसर डॉ. तरुण रलोत, सहायक नोडल ऑफिसर डॉ. पंकज सोमानी, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी एवं सीनियर ऑर्गन ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर हरीश चैबीसा, जगदीश भांडावत, विष्णु दर्जी, दीपक जैन, पीयूष कलाल, नितेश कार्की तथा गौरव पंड्या (ऑर्गन ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स) शामिल रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!