संगीत, मनोरंजन और आत्मीयता के रंग में रंगेगा सुरों की मंडली का पिकनिक मिलन
उदयपुर। सदस्यों के बीच आत्मीयता, स्वस्थ मनोरंजन एवं आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुरों की मंडली की ओर से आज 8 अगस्त, शनिवार को धाकड़ गार्डन, बेदला में एकदिवसीय पारिवारिक पिकनिक का आयोजन किया जाएगा।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि सभी सदस्यों के लिए आयोजित यह विशेष पिकनिक आपसी मेल-मिलाप, संगीत, मनोरंजन और आनंदमयी वातावरण का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सदस्यों के बीच पारिवारिक भावना को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ आपसी संबंधों को भी प्रगाढ़ करते हैं।
पिकनिक के सफल आयोजन की जिम्मेदारी सुरों की मंडली के समर्पित आयोजकों हेमा जोशी, एच. काज़ी, राजकुमार बाफना, सी.एस. सांखला, वरिष्ठ कानूनी सलाहकार शिवरतन जी तिवारी एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष सी.पी. जैन द्वारा संभाली जा रही है। सभी आयोजक कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
पिकनिक में बड़ी संख्या में सदस्य एवं उनके परिवारजन सहभागिता करेंगे। पूरे दिन मनोरंजक खेल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीत, सामूहिक भोजन एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य सदस्यों को रोजमर्रा की व्यस्तताओं से दूर एक साथ समय बिताने, संगीत का आनंद लेने और पारिवारिक माहौल में यादगार पल साझा करने का अवसर प्रदान करना है।
