कोरोना से बचाव के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में सीएमएचओ डॉ. बामनिया ने दिए निर्देश
-सुभाष शर्मा
उदयपुर26 फरवरी। कोरोना संक्रमण एवं बढ़ती मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शंकर एच बामनिया ने जिले में कोविड के बढ़ते केस को लेकर शहरी क्षेत्र में हाउस टू हाउस और डोर—टू—डोर सर्वे के निर्देश दिए है।
सीएमएचओ डॉ. बामनिया ने बताया कि फील्ड में कार्य करने वाले विभागीय कर्मियों के साथ मिलकर शहर के नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ हाउस टू हाउस,डोर टू डोर सर्वे कराया जाएगा। संक्रमित कोरोना मरीजों से संपर्क में आने वाले लोगों तथा खांसी—बुखार एवं मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को चिन्हित कर उनकी जांच कराई जाएगी।
नोडल अधिकारी डॉ. कैलाश शर्मा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव आए व्यक्ति के परिवार और उसके क्लोज कांटेक्ट के सैंपल लिए जा रहे हैं। साथ ही आसपास के 50 घरों का
भी सर्वे करवाया जा रहा है। रोगी को होम आइसोलेशन में रखा जा रहा है और उन्हें घर पर ही दवा उपलब्ध करवाई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाले रोगियों की सूचना खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को देकर रोगियों को सात दिन तक आइसोलेशन में रखने को पाबंद किया जा रहा है।
समीक्षा बैठक में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रागिनी अग्रवाल, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डब्ल्यूएचओ डॉ.अक्षय व्यास, डॉ. मनु मोदी, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक वैभव सरोहा के अलावा शहरी क्षेत्र के चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
उदयपुर में चिकित्सा विभाग सतर्क, अब डोर टू डोर सर्वे की तैयारी
