-बस स्टैंड स्थित ज्वेलरी शॉप का शटर उखाड़ने का किया प्रयास, पुलिस की गाड़ी देख भागे बदमाश; वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद
फतेहनगर। नगर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब बाजार के बीच और मुख्य मार्ग पर स्थित दुकानों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। रोडवेज बस स्टैंड के समीप स्थित शिवम ज्वेलर्स पर शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे हथियारबंद आधा दर्जन बदमाशों ने चोरी का असफल प्रयास किया। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के चलते एक बड़ी वारदात टल गई और बदमाश बिना चोरी किए मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 5-6 हथियारबंद व्यक्ति रात के अंधेरे में रोडवेज बस स्टैंड के पास पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने शिवम ज्वेलर्स और अमन मेडिकल के बीच स्थित श्रृंगार स्टोर का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन दुकान के बोर्ड को देखकर उन्होंने अपना इरादा बदल लिया। इसके बाद बदमाशों ने शिवम ज्वेलर्स को निशाना बनाया और दुकान का लॉक तोड़कर शटर उखाड़ने का प्रयास शुरू कर दिया। शटर तोड़ने के लिए आवश्यक औजार एवं अन्य सामान भी बदमाश अपने साथ लेकर आए थे।
इसी दौरान ईंटाली चौराहे की ओर से पुलिस की गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखते ही बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई। एक बदमाश बाजार की ओर भागा, जबकि अन्य बदमाश दुकान के पिछवाड़े स्थित गली की तरफ भाग निकले। पुलिस वाहन भी तेजी से गली में पहुंचा, लेकिन तब तक बदमाश दीवार फांदकर फरार हो चुके थे।
शटर को पहुंचाया नुकसान: दुकान मालिक नारायणलाल जाट ने बताया कि बदमाशों ने शटर और लॉक को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यदि कुछ ही देर में पुलिस की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंचती तो चोर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो सकते थे।
पूरी घटना दुकान वहाँ लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बाजार के बीच मुख्य मार्ग पर स्थित ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाने की इस घटना से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। वहीं पुलिस की त्वरित गश्त और मुस्तैदी से चोरी की बड़ी वारदात टलने पर राहत भी महसूस की जा रही है।
