उदयपुर, 7 अक्टूबर। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र द्वारा गुरु नानक गल्र्स कॉलेज में विशाल नि:शुल्क हीमोग्लोबिन, नेत्र एवं दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 850 छात्राओं की विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं।
महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र के अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा ने बताया कि जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल की टीम द्वारा हीमोग्लोबिन जांच की गई। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुष्का झोटा के द्वारा दांतों की निशुल्क जांच की गई। इसी प्रकार एएसजी हॉस्पिटल के मार्केटिंग प्रबंधक श्री प्रताप सिंह के सहयोग से उनकी टीम ने नेत्र जांच की तथा आवश्यक परामर्श दिया।
अध्यक्ष रविंद्र सुराणा ने बताया कि हीमोग्लोबिन जांच में 40 प्रतिशत से अधिक छात्राओं का हीमोग्लोबिन निर्धारित बेंचमार्क के बराबर अथवा उससे कम पाया गया। ऐसी सभी छात्राओं को जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल में नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई, ताकि वे आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श ले सकें। नेत्र जांच के दौरान भी छात्राओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार एएसजी हॉस्पिटल की ओर से उचित परामर्श दिया गया।
शिविर में आरएनटी मेडिकल कॉलेज की आचार्य डॉ. अनुराधा सनाढ्य ने छात्राओं से थैलेसीमिया के विषय में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि थैलेसीमिया एक अनुवांशिक बीमारी है और जागरूकता एवं समय पर जांच ही इससे बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विवाह से पहले लडक़े-लडक़ी की कुंडली मिलाई जाती है, उसी प्रकार एक छोटी-सी रक्त जांच के माध्यम से थैलेसीमिया के जोखिम की जानकारी प्राप्त की जा सकती है और भविष्य में इस बीमारी की रोकथाम में सहायता मिल सकती है।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कमला कवरानी ने छात्राओं से मासिक धर्म एवं हार्मोनल बदलावों के संबंध में विस्तार से चर्चा की तथा उनकी जिज्ञासाओं और प्रश्नों का समाधान किया।
इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा ने छात्राओं को बैंकिंग फ्रॉड एवं साइबर अपराधों से बचने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए। साथ ही उन्होंने डिजिटल अरेस्ट के संबंध में भी विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि बैंक कभी भी फोन पर खाताधारक से ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी नहीं मांगता। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं कैंसर जागरूकता के विषय में भी छात्राओं को जानकारी दी।
महावीर इंटरनेशनल के सचिव सुरेश बड़ीवाल ने छात्राओं से यातायात सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा शिविर में आयोजित विभिन्न जागरूकता वार्ताओं से संबंधित प्रश्न पूछे। सही उत्तर देने वाली छात्राओं को जूट बैग प्रदान किए गए तथा पर्यावरण संरक्षण में जूट बैग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
महावीर इंटरनेशनल की ओर से मेधावी एवं जरूरतमंद छात्राओं को 20 स्कूल बैग तथा 400 कॉपियां वितरित की गईं। अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा ने बताया कि संस्था के गरिमा प्रोजेक्ट के अंतर्गत छात्राओं को 400 सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए तथा मासिक स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल की ओर से अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा, सचिव सुरेश बड़ीवाल, वीर राजेंद्र सुराणा, वीर नरेंद्र खाब्या, उषा सुराणा एवं मधु मित्तल उपस्थित रहे। गुरु नानक गल्र्स कॉलेज की ओर से प्रोफेसर डॉ. अनिल कोठारी का विशेष सहयोग रहा। कॉलेज की ओर से डॉ. पुष्पा शर्मा, डॉ. सपना जैन, डॉ. सिम्मी सिंह, डॉ. कीर्ति आमेटा एवं डॉ. पूजा वर्मा भी उपस्थित रहीं। दंत चिकित्सा सेवा में डॉ. अनुष्का झोटा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल की ओर से श्री अवंती की मोरवानिया, श्री विपिन लोहार, बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव सहित अन्य स्टाफ ने सहयोग प्रदान किया। एएसजी हॉस्पिटल की टीम में श्री प्रताप एवं स्टाफ ने भी नेत्र जांच में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा ने गुरु नानक गल्र्स कॉलेज के प्रबंधन, चिकित्सकों एवं सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जागरूकता से जुड़े ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
महावीर इंटरनेशनल उदयपुर ने लगाया नि:शुल्क शिविर, 850 छात्राओं की हुई जांच
