गुरुजनों के सम्मान से संस्कारों का संचार, भाविप मेवाड़ ने किया छात्र-शिक्षकों का अभिनंदन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। भारत विकास परिषद मेवाड़ की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय, गोखरमगरी में ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्कार प्रकल्प के अंतर्गत हुए इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता, सम्मान और संस्कार की भावना विकसित करना तथा भारतीय संस्कृति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का सम्मान किया गया। भाविप मेवाड़ द्वारा गोद लिए गए विद्यालय के पांच विद्यार्थियों को उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात सम्मानित विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों को उपरणा ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। परिषद की ओर से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्मृतिचिह्न तथा प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय सह संयोजक सेवा गतिविधि डॉ. जयराज आचार्य, क्षेत्रीय संयोजक संपर्क गतिविधि संजीव भारद्वाज, अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह सिसोदिया, पूर्व अध्यक्षा वीना पालीवाल, कोषाध्यक्ष महेंद्र पालीवाल एवं संस्कार संयोजक डॉ. योगेश ज्यानी ने विद्यालय के संस्था प्रधान मान सिंह कुशवाह का आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रांतीय पदाधिकारी चंद्रकांत पालीवाल ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति एवं राष्ट्रीय कर्तव्य की शपथ दिलाई। विद्यालय परिवार की ओर से परिषद पदाधिकारियों को उपरणा ओढ़ाकर एवं प्रशस्तिपत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन परिषद सचिव एडवोकेट संजय मेहता ने किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!