उदयपुर। देवेंद्र धाम में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति के उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। धर्मसभा के दौरान बालक-बालिकाओं ने देशभक्ति गीतों एवं तरानों की प्रस्तुति देने के साथ विभिन्न महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा धारण कर देश की आजादी के संघर्ष और बलिदान के दृश्य प्रस्तुत किए। बच्चों ने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, सुभाषचंद्र बोस, लाला लाजपत राय तथा रानी लक्ष्मीबाई आदि के रूप धारण कर उपस्थित श्रद्धालुओं में देशभक्ति की भावना का संचार किया।
कार्यक्रम में प्रवचन करते हुए डॉ. सुरेंद्र मुनि ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, तभी हमें स्वतंत्र भारत में जीवन जीने का अवसर मिला है। स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराता है।
राष्ट्रधर्म एवं समाजसेवा की भावना को सर्वोपरि बताते हुए डॉ राजेंद्र मुनि ने कहा कि देश की जनता जन्मदिन एवं पुण्य अवसरों पर त्यागी-तपस्वी संतों के आगे नतमस्तक होती रही है तथा उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र सेवा और समाज सेवा का मार्ग प्रशस्त करती है। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले समाजसेवियों का सम्मान किया गया। समारोह में हिम्मत बड़ाला, दिनेश हिंगड़ , प्रमोद खाब्या,, रजनी डांगी, मधु मेहता, शशि भंडारी, बसंतिलाल कुकड़ा सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
डॉ. सुरेन्द्र मुनि के जन्मोत्सव के अवसर पर सामूहिक पार्श्वनाथ जाप का विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता रही। इस अवसर पर समाज के विशेष योगदानकर्ताओं एवं अनेक महिला मंडल प्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया। श्रीसंघ अध्यक्ष एडवोकेट रोशनलाल जैन ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में सेवा, संस्कार, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
देवेंद्र धाम में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
