उदयपुर, 14 अप्रैल : शहर के हाथीपोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला ने अपने ससुराल वालों पर उसकी जमीन हड़पने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता दिव्या शर्मा ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल पक्ष ने दबाव बनाकर उसका प्लॉट जबरन बिकवाया और पूरा पैसा हड़प लिया। पीड़िता ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि नेला सवीना योजना में उसका प्लॉट निजी बचत से खरीदा गया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग उसे नन्दोई के नाम बेचने का दबाव बना रहे थे। प्लॉट न बेचने पर उसे पति के पास दुबई वापस न भेजने की धमकी दी गई। अप्रैल 2023 में उसे उदयपुर बुलाकर जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए गए। दस्तावेज़ में दो चेक थे, परंतु पैसे कभी खाते में नहीं आए। विरोध करने पर उसे धमकाया गया। पुलिस ने महिला के ससुर, पति व नन्दोई के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ससुराल वालों ने प्लॉट बिकवाकर हड़पे 14.5 लाख, विवाहिता को दी धमकी
