उदयपुर। नशे के खिलाफ जनजागरण को नई गति देते हुए भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत आरोग्य सेवा संस्थान द्वारा तैयार किए गए विशेष नशा मुक्ति जागरूकता पोस्टर का विमोचन अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) श्री जितेंद्र ओझा ने जिला कलक्टर परिसर में किया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री गिरीश भटनागर तथा सामाजिक न्याय एवं समाज कल्याण अधिकारी श्री सूरज दास भी उपस्थित रहे।
विमोचन अवसर पर एडीएम सिटी श्री जितेंद्र ओझा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जागरूकता अभियान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रभावशाली संदेशों और प्रेरणादायक स्लोगन से युक्त ऐसे पोस्टर युवाओं को सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
आरोग्य सेवा संस्थान द्वारा तैयार किए गए पोस्टर में “सपनों की उड़ान, नशे से इंकार; आपका कल आपके आज पर निर्भर करता है” तथा “हाई से नहीं, हसल से पहचान; युथ अगेंस्ट ड्रग्स” जैसे संदेशों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया गया है।
संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि इन पोस्टरों को शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और युवाओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर लगाया जाएगा, ताकि नशा मुक्ति का संदेश अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंच सके। संयुक्त निदेशक श्री गिरीश भटनागर और समाज कल्याण अधिकारी श्री सूरज दास ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से ही नशा मुक्त भारत का सपना साकार हो सकता है।
इस दौरान आरोग्य सेवा संस्थान की ओर से नरपत सिंह चौहान, सागर बिलोची, सुदर्शन सिंह, जोगेंद्र सिंह सहित संस्थान का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
अभियान के अगले चरण में एलन कोचिंग संस्थान में विशेष नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को जीवनभर नशे से दूर रहने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
