उदयपुर, 7 सितंबर: जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसा गोगुंदा–पिंडवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कला आश्रम के पास हुआ। मृतकों की पहचान हाथिया तलाई मोरवाल निवासी पेमा गमेती (35) और उसकी पत्नी भुरकी बाई (30) के रूप में हुई है। दोनों रोज़ाना मजदूरी के लिए गोगुंदा से उदयपुर आते-जाते थे। रविवार को भी वे काम पर निकल रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पेमा का सिर कुचल गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को गोगुंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार हादसा किस वाहन से हुआ, इसका पता नहीं चल पाया है। फिलहाल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मृतकों की बाइक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि गोगुंदा–पिंडवाड़ा हाईवे पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में ही इस मार्ग पर चार लोगों की मौत हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
