फतेहनगर। विद्या भारती संस्थान, उदयपुर की योजना के अनुसार शनिवार को विद्या निकेतन विद्यालय, फतेहनगर में दो दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी एवं खो-खो (भैया वर्ग) प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में उदयपुर जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों छात्र खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कैलाशचंद्र अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि विद्यालय के पूर्व छात्र महेंद्र पालीवाल ने विधिवत प्रतियोगिता शुरू होने की घोषणा की। विद्या भारती संस्थान, उदयपुर के सह सचिव प्रभात आमेटा ने सभी खिलाड़ी भैयाओं को अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक तुलसीराम लोहार ने अतिथियों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का स्वागत किया। विद्यालय प्रबंध समिति के सह-सचिव जयप्रकाश बंसल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला संस्कार केंद्र प्रमुख राजेश चौबीसा के नेतृत्व में प्रतियोगिता के मैचों का निर्धारण किया गया। प्रतियोगिताएं बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग के अनुसार आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन मैदान पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह और रोमांच देखने को मिला।
खो-खो का उद्घाटन मुकाबला खेरवाड़ा और झाड़ोल के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार फुर्ती और गति का प्रदर्शन किया। वहीं कबड्डी का पहला मुकाबला भिंडर और बदनोर हवेली के बीच हुआ, जिसमें दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारी रामलाल सोनी, भगवानलाल माली सहित विभिन्न विद्यालयों से आए दल प्रभारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। दो दिवसीय प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा के विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
