उदयपुर। ऐश्वर्या ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, उदयपुर के 30वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित बहुप्रतीक्षित वार्षिक पंाच दिवसीय “अभिव्यक्ति” सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। संस्थान की तीन दशक लंबी गौरवशाली शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक यात्रा को समर्पित इस महोत्सव में जूनियर, सीनियर एवं कॉलेज स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। महोत्सव में 52 से अधिक शिक्षण संस्थानों के 1600 से अधिक विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. श्रद्धा गट्टानी, अतिथि डॉ. सुनीता कुमारी एवं रजत कहानीवाला का पारंपरिक स्वागत किया गया। दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि “अभिव्यक्ति” महोत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि संस्थान के 30 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह आयोजन उपलब्धियों, परंपराओं और युवा ऊर्जा का उत्सव बन गया है।
कार्यक्रम में छात्राओं रक्षिता जैन एवं खुशी पुरबिया ने अतिथियों का स्वागत किया। छात्रा याना कलाल द्वारा प्रस्तुत समूह गीत ने समां बांध दिया। वहीं प्रियांशी पानेरी-भावना लड्ढा तथा हिमानी नागदा-बिनिशा सिंह की डुएट डांस प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। छात्र हर्षित देवड़ा ने प्रभावशाली काव्य पाठ प्रस्तुत किया, जबकि दिव्य लक्ष्मी जैन के नृत्य एवं रोहित डांगी व फेबा जैकब की गीत प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर मेघना विजयवर्गीय ने एस.यू.पी.डब्ल्यू. कैम्प की गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना एवं व्यवहारिक कौशल विकसित करने पर जोर दिया। शिविर में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने “अभिव्यक्ति” महोत्सव की स्क्रॉल ओपनिंग कर औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारना है। ऐसे मंच युवाओं को अपनी अभिरुचियों को पहचानने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। अतिथि डॉ. सुनीता कुमारी ने प्राकृतिक चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।
समारोह में एडवाइजर रजत मेघनानी का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन गौरांगी पुरोहित एवं साक्षी गोराना ने किया, जबकि अंत में निपुण शुक्ला ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के आगामी चरण में 8 मई से साहित्यिक, बौद्धिक, संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जबकि 11 मई को ऐश्वर्या ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के 30वें स्थापना दिवस पर भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
ऐश्वर्या कॉलेज के 5 दिवसीय“अभिव्यक्ति” महोत्सव का भव्य आगाज, 52 संस्थानों के 1600 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
