स्थायी लोक अदालत ने टेक्नॉय मोटर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, वर्कशॉप निदेशक के विरुद्ध आपराधिक मुकदमा दर्ज करने के दिए आदेश
उदयपुर, 28 नवंबर। न्यायिक कार्यवाही के दौरान जानबूझकर झूठा शपथ पत्र (मिथ्या साक्ष्य) पेश करने के गंभीर मामले में उदयपुर की स्थायी लोक अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़ा निर्णय सुनाया है।
स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष न्यायाधीश महेंद्र कुमार सिसोदिया तथा सदस्यगण अधिवक्ता कमलेश दानी एवं सुरभि मेनारिया (धींग) की खंडपीठ ने इस प्रकरण की सुनवाई करते हुए टेक्नॉय मोटर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड,के निदेशक संपत लाल जैन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 216 और 229 के तहत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, उदयपुर के समक्ष आपराधिक परिवाद पेश करने के आदेश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला
प्रार्थीया आजाद देवी ने अपनी गाड़ी की ‘एक्सटेंडेड वारंटी’ के लिए अतिरिक्त भुगतान किया था। सुनवाई के दौरान अप्रार्थी संख्या-1 के निदेशक संपत लाल जैन ने साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत अपने शपथ पत्र में इस तथ्य को सरासर गलत बताते हुए कहा था कि वारंटी बीमा कंपनी द्वारा दी गई है, न कि अतिरिक्त राशि लेकर वर्कशॉप द्वारा।
अदालत की सख्त टिप्पणी
जब अदालत द्वारा इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, तो निदेशक ने इसे ‘टंकण त्रुटि’ (टाइपिंग की मानवीय भूल) बताकर बचने का प्रयास किया। पीठ ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि एक जिम्मेदार पद पर कार्यरत निदेशक द्वारा बिना पढ़े शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करना और टंकण त्रुटि का बहाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। इसके अलावा, उन्होंने अपनी गलती पर न तो कोई खेद व्यक्त किया और न ही बिना शर्त क्षमायाचना की। इससे स्पष्ट है कि उन्होंने जानबूझकर न्यायिक कार्यवाही को गुमराह करने के लिए झूठा साक्ष्य दिया।
अदालत के निर्णय मे न्याय हित में पीठ ने संपत लाल जैन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 216 एवं 229 के अंतर्गत अभियोजन चलाने हेतु मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, उदयपुर की अदालत में परिवाद दायर करने का निर्देश दिया है। सक्षम न्यायालय में यह परिवाद पेश करने के लिए मुकेश गावरी को अधिकृत किया गया है।
अदालत में झूठा शपथ पत्र देना पड़ा भारी
