बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत आयोजित 60 दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने पर महिला केंद्रित योजनाओं पर कार्यशाला का आयोजन

उदयपुर, 27 नवंबर। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत 60 दिवसीय विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष पर महिला केंद्रित योजनाओं की कार्यशाला का आयोजन अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश (एडीजे) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राहुल चौधरी की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित कार्मिकों, परामर्शदाताओं एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए महिलाओं के कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, घरेलू हिंसा सहित विभिन्न प्रकार की कानूनी समस्याओं में उपलब्ध सहायता एवं न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

कार्यशाला में महिला अधिकारिता विभाग उप निदेशक संजय जोशी ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न महिला केंद्रित योजनाओं एवं सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से हिंसा से प्रभावित महिलाओं को चिकित्सा, पुलिस, विधिक एवं मनोसामाजिक परामर्श सहित एक ही छत के नीचे समेकित सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न समस्याओं में परामर्श एवं आवश्यक सहायता प्रदान की जाती है। इसी प्रकार पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान से संबंधित सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी अवगत कराया। इनमें महिला हेल्पलाइन 181, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 तथा आपातकालीन सहायता नंबर 112 शामिल हैं। उन्होंने इन हेल्पलाइन सेवाओं का आवश्यकता पड़ने पर उपयोग करने एवं अधिकाधिक महिलाओं तक इनकी जानकारी पहुंचाने की अपील की। इसके अतिरिक्त उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत संचालित 60 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों, महिला सशक्तिकरण गतिविधियों एवं जनभागीदारी कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की।

इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। महिला अधिकारिता विभाग के पर्यवेक्षक, प्रबंधक वन स्टॉप सेन्टर एवं पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र सहित विभिन्न ब्लॉकों से आयी साथिन एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!