उदयपुर। शहर के प्रतिष्ठित रेडिसन ब्लू पैलेस रिसॉर्ट एंड स्पा में राउंड टेबल इंडिया, उदयपुर चैप्टर और किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मशहूर कॉमेडियन गौरव गुप्ता का स्टैंड-अप कॉमेडी शो यादगार और बेहद सफल रहा। हंसी, व्यंग्य और शानदार प्रस्तुति से सजी इस शाम ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
800 से अधिक दर्शकों की जोरदार मौजूदगी-इस भव्य आयोजन में करीब 800 से अधिक लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। राउंड टेबल इंडिया, उदयपुर चैप्टर के अध्यक्ष कुणाल बागरेचा ने बताया कि गौरव गुप्ता की कॉमिक टाइमिंग और शानदार अंदाज ने दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। पूरा हॉल देर रात तक तालियों और हंसी से गूंजता रहा।
मनोरंजन के साथ सामाजिक सरोकार की मिसाल-कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज सेवा भी था। फंडरेजिंग संयोजक मनन नाहर और प्रतुल देवपुरा ने बताया कि इस शो से जुटाई गई राशि का उपयोग वंचित और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘फ्रीडम थू्र एजुकेशन’ प्रोजेक्ट के तहत इस फंड से स्कूलों में नई कक्षाओं का निर्माण किया जाएगा, जिससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
समर्पण और टीम वर्क की झलक-कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति और प्रायोजकों ने मंच साझा करते हुए इस सफलता का श्रेय पूरी टीम के समर्पण और सहयोग को दिया। राउंड टेबल इंडिया, उदयपुर चैप्टर के सदस्यों की कड़ी मेहनत और किसना ज्वेलरी के सहयोग ने इस आयोजन को खास बना दिया।
यह आयोजन इस बात का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया कि जब मनोरंजन को एक नेक उद्देश्य के साथ जोड़ा जाता है, तो उसका प्रभाव समाज में सकारात्मक बदलाव के रूप में दिखाई देता है।
हंसी के साथ समाज सेवा: गौरव गुप्ता के शो ने जीता उदयपुर का दिल
