बिजली विभाग के कैशियर ने किया 1.14 करोड़ का गबन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 25 दिसंबर : जिले के मावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिजली विभाग के कैशियर द्वारा करोड़ों के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस को दी रिपोर्ट में मावली उपखंड के एईएन बिजेंद्र गहलोत ने बताया कि धरमवीर चौधरी पुत्र नारायण लाल चौधरी मावली के सहायक अभियंता कार्यालय में चीफ कैशियर के पद पर कार्यरत है। धरमवीर पर आरोप है कि उसने निगम की 1.14 करोड़ रुपए की राशि का दुरुपयोग करते हुए फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से गबन किया और फरार हो गया।

मावली पुलिस थाने में बीते 21 दिसंबर को सहायक अभियंता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार धरमवीर चौधरी ने नकद राशि जमा करने की फर्जी एंट्री की और संग्रहित रोकड़ को निगम के बैंक खाते में जमा नहीं किया। विभागीय जांच में गबन की कुल राशि 1,14,82,000 रुपए आंकी गई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार धरमवीर ने केश बुक में फर्जी इंद्राज और दस्तावेजों की कूटरचना कर निगम को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया। यह मामला 19 दिसंबर को उजागर हुआ, जिसके बाद विभागीय लेखाधिकारी और सहायक लेखाधिकारी ने जांच शुरू की।

सहायक अभियंता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए गबन की गई राशि धरमवीर से वसूलने की अपील की है। इस घटना ने निगम की सुरक्षा और वित्तीय प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर युवक घायल
उदयपुर, 25 दिसंबर : जिले के डबोक थाना क्षेत्र के अंतर्गत तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर एक युवक घायल हो गया। पुलिस को दी रिपोर्ट में धुणीमाता क्षेत्र निवासी कानदास रंगासामी पुत्र रंगास्वामी ने बताया कि बीते मंगलवार को वह राष्ट्रीय राजमार्ग-76 पर देबारी के पास अपने मित्र के साथ खड़ा था कि तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन दोनों को चपेट में ले लिया। जिससे वह और उसका साथी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!