आरएनटी मेडिकल कॉलेज में करंट लगने से डॉक्टर की मौत, 600 रेजिडेंट्स हड़ताल पर

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 19 जून : शहर के रवीन्द्रनाथ टैगोर (RNT) मेडिकल कॉलेज में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में डॉक्टर की करंट लगने से मौत हो गई। खेरवाड़ा में पोस्टेड डॉक्टर रवि शर्मा (35) हॉस्टल में वाटर कूलर से पानी भरते समय करंट की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में उन्हें एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

डॉक्टर रवि अपने चचेरे भाई और रेजिडेंट डॉक्टर प्रशांत शर्मा के साथ हॉस्टल में रुके हुए थे। हादसे के वक्त प्रशांत नाइट ड्यूटी पर थे। बताया जा रहा है कि वाटर कूलर को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।

घटना से आक्रोशित रेजिडेंट डॉक्टर्स ने गुरुवार को कामकाज बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। करीब 600 डॉक्टर कॉलेज परिसर में टेंट लगाकर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. विपिन माथुर के ऑफिस को ताला लगाकर इस्तीफे की मांग की। उनका कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और सुरक्षा इंतजामों की गारंटी नहीं मिलती, वे काम पर नहीं लौटेंगे।

रेजिडेंट यूनियन के सेक्रेटरी डॉ. आशीष महंत ने पोस्टमार्टम में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि परिवार के साथ यूनियन का प्रतिनिधि भी वहां मौजूद हो और वीडियोग्राफी की जाए। उन्होंने घटना के लिए प्रिंसिपल और हॉस्टल वार्डन को जिम्मेदार बताया है।

कॉलेज प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और डॉक्टर्स से संयम बरतने की अपील की गई है। बावजूद इसके प्रदर्शन और हड़ताल गुरुवार देर शाम तक जारी रहा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!