उदयपुर, 05 सितम्बर। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयुष ग्रुप ऑफ एज्युकेशन एवं आयुष अलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज, सेक्टर-5 की ओर से अटल सभागार में आयुष गुरु गौरव सम्मान समारोह-2026 आयोजित हुआ। समारोह में शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को विभिन्न श्रेणियों में विशेष सम्मान भी प्रदान किए गए। संभाग के करीब 150 प्रतिष्ठित शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को शिक्षा, सामाजिक सरोकार एवं विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए आयुष गुरु गौरव अलंकरण से सम्मानित किया गया।
आयुष फाउंडर एक्सिलेंस अवार्ड प्राचार्य रमन लाल हेड़ा को विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं के संस्थापन एवं विकास के लिए किए गए प्रयासों के लिए दिया गया। आयुष इंस्पिरेशन अवार्ड प्राध्यापक भवानी शंकर शर्मा को विद्यार्थियों को एनएमएमएस के तहत करीब 35 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्राप्त करने में विशेष योगदान के लिए प्रदान किया गया।
आयुष इम्पैक्ट एजुकेटर अवार्ड शिक्षिका पायल सांवरिया को विशेष शैक्षणिक प्रयासों एवं विद्यार्थियों के प्रति समर्पित योगदान के लिए तथा आयुष लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रोफेसर (डॉ.) अनंत प्रकाश गुप्ता को होम्योपैथी एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में करीब 40 वर्षों के योगदान एवं 16 पुस्तकों के लेखन के लिए दिया गया।
आयुष सोशल इम्पैक्ट अवार्ड समाजसेवी नारायण कलासुआ को सामाजिक एवं शैक्षणिक सेवाओं में विशेष प्रयासों के लिए प्रदान किया गया। एक मजदूर बालक को वेल्डिंग की दुकान से निकालकर शिक्षा के माध्यम से एमबीबीएस डॉक्टर बनने तक मार्ग प्रशस्त करने के उनके प्रयास को भी सम्मान का आधार बनाया गया।
मुख्य अतिथि एवं आयुष ग्रुप ऑफ एज्युकेशन के फाउंडर चेयरपर्सन डॉ. राम मीणा ने कहा कि शिक्षक न केवल शिक्षा प्रदान करते हैं, बल्कि बच्चों के भविष्य का निर्माण करते हैं। शिक्षा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, सोच और भविष्य को दिशा देने की प्रक्रिया है, जिसमें शिक्षक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
अतिविशिष्ट अतिथि एवं आयुष पेरामेडिकल इंस्टिट्यूट की फाउंडर डॉ. आशा (अंशु) मीणा ने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों के प्रति समाज के ऋण को नमन करने का माध्यम हैं तथा शिक्षा और समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आयुष ग्रुप ऑफ एज्युकेशन से जुड़े पूर्व विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम संयोजक प्रशासक डॉ. कनक गौतम ने अतिथियों का स्वागत किया तथा सीनियर एग्जीक्यूटिव मनीष अहारी एवं ओएसडी मगन अहारी ने आभार व्यक्त किया।
