उदयपुर, 7 अगस्त। श्री महर्षि कॉलेज ऑफ वैदिक एस्ट्रोलॉजी ने उपनिदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी डॉ. विष्णु प्रकाश जोशी को टैरो कार्ड रीडिंग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा की डिग्री प्रदान की है। जोशी ने पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा ए प्लस ग्रेड से उत्तीर्ण की है।
मूलतः उदयपुर निवासी डॉ. जोशी वर्तमान में बांसवाड़ा में उपनिदेशक सांख्यिकी कार्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं एवं इससे पूर्व ’ज्योतिषाचार्य’ एवं ’अंक शास्त्री’ की उपाधियाँ भी प्राप्त कर चुके हैं। भारतीय ज्योतिष, अंकशास्त्र एवं टैरो कार्ड रीडिंग जैसे विषयों में उनकी विशेष रुचि एवं गहन अध्ययन ने उन्हें इन क्षेत्रों में भी विशिष्ट पहचान दिलाई है। डॉ जोशी वर्ष 2008 से अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विषयों के अध्ययन एवं अध्यापन से निरंतर जुड़े हुए हैं। इस अवधि में उन्होंने अनेक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है। उनके मार्गदर्शन में अध्ययन करने वाले कई विद्यार्थी आज ’भारतीय प्रशासनिक सेवा, राजस्थान प्रशासनिक सेवा, सहायक आचार्य तथा अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। शिक्षा एवं मार्गदर्शन के क्षेत्र में उनका योगदान विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। उल्लेखनीय है कि आप राजकीय सेवा में रहते हुए कई छात्रों को निःशुल्क अध्यापन करा रहे हैं।
