—20 साल के विकास कार्यों की योजना बनाने के दिए निर्देश
डूंगरपुर। पंचायत समिति डूंगरपुर की ग्राम पंचायत चक महूडी और काकरादरा में शनिवार को ग्रामसभा का आयोजन किया गया।
इस दौरान कलेक्टर देशलदान ग्रामसभा में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के बीच कुर्सी छोड़कर फर्श पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए। कलेक्टर देशलदान ने गांव में अगले 20 सालों के विकास कार्यों की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे गांव के लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिल सकेगा।
ग्रामसभा में मौजूद रहे कलेक्टर
चक महूडी और काकरादरा में आयोजित इस ग्रामसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कलेक्टर की मौजूदगी में हुई इस सभा में जिले के कई अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर ने दोनों पंचायतों के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ गांव की जरूरतों के अनुसार आगामी 20 वर्षों की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
आज की योजनाएं आगामी पीढ़ी को देगी फायदा
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने गांव के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक योजनाएं बनाकर प्रस्तुत करें। इन सुझावों को राज्य स्तर पर भेजा जाएगा और योजनाओं में शामिल किया जा सकेगा। कलेक्टर ने जोर दिया कि आज बनाई गई योजनाएं ही आने वाली पीढ़ी के भविष्य को बेहतर बनाने का आधार बनेंगी। ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने कृषि क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने, फार्म निर्माण, डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने और कृषि पर्यवेक्षक केंद्र खोलने सहित विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे। प्रशासन ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कलेक्टर ने फर्श पर बैठकर सुनी लोगों की समस्याएं
