मॉडर्न वैली में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, कोटेश्वर महादेव व बजरंगबली मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा श्रद्धा-भक्ति के साथ संपन्न

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। मॉडर्न वैली कॉलोनी में नवनिर्मित श्री कोटेश्वर महादेव एवं संकटमोचन बजरंगबली मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह धार्मिक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर कॉलोनीवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आरोग्य सेवा संस्थान एवं मॉडर्न वैली कॉलोनीवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव एवं हनुमानजी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की गई। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद महाआरती का आयोजन हुआ। इसके पश्चात भव्य भजन-कीर्तन में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। देर रात तक चले भजनों से पूरा परिसर हर-हर महादेव और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंजता रहा।
समारोह के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे एवं प्रसादी की व्यवस्था की गई। कॉलोनीवासियों ने कहा कि मंदिर क्षेत्र में धार्मिक आस्था का केंद्र बनने के साथ समाज में संस्कार, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा। आयोजन समिति एवं आरोग्य सेवा संस्थान ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!