मेवाड़ के साहित्यकारों की सर्जनाओं पर तैयार हो रही साहित्य गैलेरी
साहित्यकार कुंदनमाली ने भेंट की अपनी रचनाएं
उदयपुर, 20 जुलाई। मेवाड़ के साहित्यकारों द्वारा सृजित सर्जनाओं का लाभ स्थानीय युवा पाठकों व पत्रकारों को लाभांवित कराने के उद्देश्य से उदयपुर के सूचना केन्द्र में मेवाड़ के साहित्यकारों की एक गैलेरी बनाई जा रही है। इस गैलेरी में कई साहित्यकारों की रचनाओं को सहेजकर रखते हुए युवाओं को मेवाड़ के साहित्य से अभिभूत करवाया जाएगा। मेवाड़ के साहित्यकारों को भी इस मुहिम को समर्थन दिया जा रहा है और पुस्तकें भेंट की जा रही है।
गुरुवार को उदयपुर के ख्यातनाम साहित्यकार कुंदन माली ने अपनी प्रतिनिधि पुस्तकें सूचना केन्द्र के संयुक्त निदेशक डॉ. कमलेश शर्मा को भेंट की और इसे युवा पाठकों के हित में उपयोग का आह्वान किया।
डॉ. शर्मा ने बताया कि मेवाड़ के एतिहासिक परिपेक्ष्य और संस्कृति पर आधारित इस साहित्य रचनाओं से यहां के पाठकों को उपयोगी जानकारी मिल सकेगी और यह साहित्य संरक्षण व संवर्धन की दिशा में अनूठा कार्य होगा। उन्होंने बताया कि मेवाड़ के अन्य साहित्यकारों से भी आह्वान किया गया है कि वे अपनी-अपनी रचनाएं इस गैलरी में उपलब्ध कराते हुए इसे समृद्ध बनावें ताकि इसका उपयोग साहित्यकारों और शोधार्थियों द्वारा किया जा सके।
डॉ. शर्मा ने बताया कि कुंदन माली द्वारा भेंट की गई प्रमुख रचनाओं यह दुनिया तुम्हारे बाद, वस्तुतः घर इक नाम भरोसे का, तात्पर्य, कविता की गुल्लक, जग रो लेखो, कवितानामौ, विश्वनाथ प्रसाद री टालवी कवितावां, समकालिका राजस्थानी काव्य : संवेदन अर सिल्प, सर्जन का अंतरंग, इतने दिनों तक, अंजल पाणी आदि शामिल है।
उल्लेखनीय है कि उदयपुर के टेकरी निवासी कुंदन माली गुजरात युनिवर्सिटी से अंग्रेजी के रिटायर्ड प्र्रोफेसर है और केन्द्रीय राहित्य अकादमी, राजस्थान साहित्य अकादमी, नई दिल्ली साहित्य अकादमी तथा गुजरात हिन्दी साहित्य अकादमी आलोचना पुरस्कार से पुरस्कृत भी हैं।
एडीजे शर्मा ने किया उप कारागृह मावली का औचक निरीक्षण
उदयपुर, 20 जुलाई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वावधान में अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के निर्देशानुसार प्राधिकरण सचिव एडीजे कुलदीप शर्मा ने उप कारागृह मावली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विचाराधीन बंदीजन को मुहैया कराई जा रही चिकित्सा, भोजन, चाय एवं नाश्ते के साथ बंदीजन को निःशुल्क विधिक सहायता, अपील इत्यादि के बारे में जानाकारी ली। बंदीगण को नशा छोड़ने एवं नशीली दवाओं का उपयोग नहीं करने के बारे में जागरूक किया।
मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना
निःशुल्क कोचिंग के आवेदन 31 तक आमंत्रित
उदयपुर, 20 जुलाई। मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजनान्तर्गत सत्र 2023-24 में विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स एवं नौकरियों के लिए आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी उत्कृष्ठ ढंग से कराने एवं समान अवसर प्रदान करने हेतु अल्पसंख्यक के पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन 31 जुलाई तक आमंत्रित किये गये हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी जलालुद्दीन ने बताया कि आईएएस, आरएएस, रीट, पटवारी, कांस्टेबल, इंजीनियर, मेडिकल, क्लैट इत्यादि परीक्षाओं के लिए प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के माध्यम से निःशुल्क कोचिंग करवाई जाएगी। इस योजना के तहत् एससी, एसटी, ओबीसी, एमबीसी, अल्पसंख्यक व ईडब्ल्यूएस वर्ग के वे छात्र-छात्राएं पात्र होंगे जिनके परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये प्रतिवर्ष से कम हो या जिनके माता-पिता राज्य सरकार के कार्मिक होने पर पे-मैट्रिक्स का लेवल-11 तक का वेतन प्राप्त कर रहे हो। आवेदन एसएसओ पोर्टल द्वारा एसजेएमएस एसएमएमएस एप पर ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन किये जा सकते हैं।
