महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किया किया महिला कार्यकर्ताओं के साथ संवाद
उदयपुर। 15 अप्रैल। राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की नव नियुक्त अध्यक्ष सारिका सिंह ने आज सूरजपोल उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कार्यालय में उदयपुर शहर एवं उदयपुर देहात जिला कांग्रेस की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।
उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संजीव राजपुरोहित ने बताया कि राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की नव नियुक्त अध्यक्ष सारिका सिंह का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उदयपुर आने पर उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी एवं उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, उदयपुर शहर जिला महिला कांग्रेस निवर्तमान अध्यक्ष नजमा मेवाफरोश एवं महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। महिला प्रदेश अध्यक्ष को मेवाड़ी पाग एवं उपरणा पहना कर स्वागत किया गया।
उसके पश्चात प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने उपस्थित महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि जिस तरह का माहौल आज देश में बना हुआ है वो सभी के सामने है। डबल इंजन की डबल सरकार ने सता तो हथिया ली लेकिन आज भी वो महंगाई को कम नहीं कर पाई। जिसका सीधा-सीधा असर देश की आधी आबादी (महिलाओं) को हो रहा है। घरेलू गैस के दाम आसमान छू रहे है, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होने के बावजूद हमें महंगा पेट्रोल-डीजल मिल रहा है। जिससे हर घर का बजट बिगड़ गया है। इसका खामियाजा गृहणियों को उठाना पड़ रहा है। लेकिन डबल इंजन की सरकार आंख मूंद कर सो रही है। ऐसे में हम महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि हम डबल इंजन सरकार की नाकामियों को आमजन के बीच जाकर उजागर करे।
सारिका सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए बयान पर उन्हें आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का ऐसा बयान भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा बताता है। इससे यह भी पता चलता है कि भाजपा देश की आधी आबादी के प्रति कितनी संवेदनशील है। आने वाले समय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान पर उदयपुर सहित राजस्थान के हर जिला मुख्यालय पर महिला कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा।
सारिका सिंह ने यह भी कहा कि आने वाले समय में राजस्थान के हर बूथ पर महिला कांग्रेस की सक्रियता को किस तरह बढ़ाया जाए इस पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही आने वाले पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस पार्टी द्वारा 33 प्रतिशत महिलाओं को मौका दिया जाएगा। क्योंकि कांग्रेस जो कहती है वो करके दिखाती है। महिला आरक्षण विधेयक भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बना तो लिया लेकिन इसे लागू करने में अड़ंगा लगा रही है। यह कानून लागू करने की भाजपा की नीयत ही नहीं है। कांग्रेस की पुरजोर कोशिश रहेगी कि इस कानून को मजबूती से लागू करवाया जाए जिससे विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिले इसके लिए महिला कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ेगी। और यह लड़ाई जब तक महिलाओं के हाथ में कलम नहीं आ जाती तब तक लड़ी जाएगी।महिला कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए जिला और प्रदेश स्तर पर महिला कांग्रेस कार्यक्रम कराएगी। और वर्तमान में पांच लाख से ज्यादा महिलाएं कांग्रेस की सदस्यता ले चुकी है आने वाले समय में सदस्यता कार्यक्रम को और भी अधिक विस्तृत किया जाएगा जिससे राजस्थान के हर बूथ पर कम से कम पांच महिला कांग्रेस की पदाधिकारी की नियुक्ति हो पाए।
उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी एवं उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने भी महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को विश्वास दिलाया कि उदयपुर देहात एवं उदयपुर शहर जिला में महिला कांग्रेस को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी, उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, महिला कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष नजमा मेवाफरोश, प्रदेश महिला कांग्रेस की चंदा सुहालका, शांता प्रिंस, जिला परिषद सदस्य कामिनी गुर्जर, उपाध्यक्ष रेखा डांगी, ए ब्लॉक अध्यक्ष नेहा कुमावत, बी ब्लॉक अध्यक्ष मोनिका गुर्जर, तुलसी मेघवाल, जिला महासचिव माया सुराणा, पूर्व महिला कांग्रेस देहात जिला अध्यक्ष मधु सालवी, महिला कांग्रेस कार्यकर्ता संगीता अरोड़ा, तरन्नुम खान, गीता सुहालका, वंदना राठौड़, आबेदा शेख, सरिता परमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित हुई।
