कानोड़ पालिका के जेईएन से मारपीट का मामला, कांग्रेस पार्षद को निलंबित करने की मांग
-राजेश वर्मा
उदयपुर, 30 जुलाई। जिले के कानोड़ नगर पालिका के जेईएन जयराम मीणा से मारपीट के मामले को लेकर रविवार को भाजपा तथा हिन्दू संगठनों ने कानोड़ थाने का घेराव किया। कांग्रेस पार्षद सोनिया बागवान को निलंबित किए जाने की मांग को लेकर उन्होंने पुलिस से धक्का—मुक्की भी की। आक्रोशित भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
भाजपा वल्लभनगर विधानसभा प्रभारी हिम्मतसिंह झाला ने वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक प्रीति गजेन्द्रसिंह शक्तावत पर आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक के दबाव में प्रशासन काम कर रहा है। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि गहलोत सरकार भ्रष्टाचारियों को बचा रही है। कांग्रेस सरकार में आम जनता की सुनने वाला कोई नहीं है। 4 महीने बाद यह सरकार बदलने वाली है। सरकार बदलने के बाद आपसे इन सभी गुनाहों का हिसाब लिया जाएगा। बाद में झाला के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल तहसीलदार मोबिन मोहम्मद से मिला और मुख्यमंत्री, पुलिस उपअधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान भींडर थाना अधिकारी पूनाराम गुर्जर, कानोड़ थाना अधिकारी मनीष खोईवाल मौजूद थे। इससे पहले कोर्ट चौराहा से जम्बू चौक, शिवगंज बाजार, गणेश घाटी, नीमच रोड होते हुए कानोड़ तक रैली निकाली गई, जिसमें सर्व हिंदू समाज के प्रमुख पदाधिकारी भी शामिल हुए
कानोड़ का शांत माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही भाजपा: कोठारी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पंचायत समिति भींडर के पूर्व प्रधान करण सिंह कोठारी ने कहा कि कानोड़ नगर आपसी एकता और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल है लेकिन भाजपा राजनीतिक वोटों के चक्कर में कानोड़ नगर का शांत माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। अगर किसी व्यक्ति ने कानून हाथ में लिया है तो उसने गलत किया है। सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। महानरेगा की लेबर को इकट्ठा कर थाने का घेराव करवाना गलत है।
भाजपा-हिन्दू संगठनों ने किया थाने का किया घेराव, धक्का—मुक्की करने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग
