केंद्रीय विश्वविद्यालय में सेंध लगाने वाली ‘बागरिया गैंग’ का पर्दाफाश, 8.75 लाख के जेवर-नकदी बरामद

बांदरसिंदरी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, विश्वविद्यालय परिसर में रेकी कराने वाला अंदरूनी सहयोगी भी गिरफ्तार

जयपुर 17 मई। अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण लालचन्द कायल व वृत्ताधिकारी किशनगढ़ ग्रामीण आयुप वशिष्ठ के सुपरविजन में बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्टाफ क्वार्टर्स और ग्राम चुरली में हुई चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए शातिर बागरिया गिरोह के तीन सदस्यों और रेकी में उनका सहयोग करने वाले एक अंदरूनी कर्मचारी सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 8,75,900 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और मूल दस्तावेज बरामद किए हैं।
घटनाक्रम के अनुसार वर्ष 2025 के नवंबर-दिसंबर और जनवरी 2026 की रात्रियों में केंद्रीय विश्वविद्यालय के विभिन्न आवासीय स्टाफ क्वार्टर्स तथा ग्राम चुरली स्थित एक पुश्तैनी मकान में अज्ञात चोरों द्वारा सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने की वारदातें सामने आई थीं। इन लगातार हो रही चोरियों के संबंध में पुलिस थाना बांदरसिंदरी पर मुकदमे दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
वारदातों की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी दयाराम चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर चोरों की सरगर्मी से तलाश शुरू की गई।
अनुसंधान के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और आधुनिक संसाधनों की मदद से विश्वविद्यालय परिसर में निर्माण कार्य कर रही कंपनियों के कर्मचारियों के नंबरों और संदिग्ध बीटीएस टावर लोकेशन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान कैंपस में कार्यरत एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी नाथूलाल गुर्जर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगालने पर उसका संपर्क संदिग्ध बागरिया गैंग से होना पाया गया। इसी बीच पुलिस को इनपुट मिला कि पीसांगन थाना पुलिस ने नकबजनी के एक अन्य मामले में बागरिया गैंग के बदमाशों को दबोचा है, जिस पर बांदरसिंदरी पुलिस ने तत्काल वहां पहुंचकर आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया और मुखबिरी करने वाले कर्मचारी नाथूलाल को भी दस्तयाब कर लिया।
वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक तरीकों से की गई गहन पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 38.51 ग्राम सोने के जेवरात, 411.27 ग्राम चांदी के जेवरात, 1,33,000 रुपये नकद राशि, परिवादिया रतन कंवर व प्रीति चारण के मूल दस्तावेज तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों में लखन मोग्या (24) व नेमा बागरिया (42) निवासी खातोलाई, बांदरसिंदरी, पप्पू बागरिया (33) निवासी दूदू और रेकी करने वाला नाथूलाल गुर्जर (41) निवासी मुण्डोती शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस संपूर्ण कार्रवाई को सफल बनाने में थानाधिकारी दयाराम चौधरी सहित कांस्टेबल अनिल कुमार, भागचन्द, बजरंग लाल, रामसिंह, चालक भोजराज, महिला कांस्टेबल संतरा और बीना धाभाई की सराहनीय भूमिका रही।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!