उदयपुर, 17 जून 2026। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर एवं 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित प्री वायु सैनिक कैंप-1, ड्रोन प्रशिक्षण शिविर एवं संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) का कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर नटराज डागुर के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संचालन जारी है। शिविर के दौरान एनसीसी कैडेटों के लिए सेना भर्ती बोर्ड के अधिकारियों का एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने भारतीय सेना की भर्ती प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, चयन प्रक्रिया एवं विभिन्न प्रवेश योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान कैडेटों ने सेना में भर्ती से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। अधिकारियों ने कैडेटों को नियमित अभ्यास, शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कैडेटों ने भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा के प्रति उत्साह एवं प्रतिबद्धता व्यक्त की।
विंग कमांडर नटराज डागुर ने बताया कि इस प्रकार के व्याख्यान एनसीसी कैडेटों को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करते हैं तथा उनके सपनों को साकार करने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से कैडेटों में राष्ट्रसेवा की भावना और अधिक सुदृढ़ होती है।
इस अवसर पर केयर टेकर ऑफिसर राम नारायण कुम्हार सहित शिविर के अधिकारी एवं कैडेट उपस्थित रहे।
