“टेस्ट मेकर्स उदयपुर “: हर किचन की प्रतिभा को मिलेगा मंच, होम कुक और होम बेकर्स को जोड़ने की अनूठी पहल

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

“टेस्ट मेकर्स उदयपुर “की प्रथम बैठक संपन्न, पाक कला से जुड़े लोगों को मिलेगा साझा मंच
अब किचन का हुनर बनेगा पहचान, टेस्ट मेकर्स उदयपुर देगा महिलाओं और फूड क्रिएटर्स को नई उड़ान

उदयपुर, 16 जून 2026। उदयपुर के अशोका ग्रीन्स में मंगलवार शाम “ टेस्ट मेकर्स उदयपुर “  (Taste Maker’s Udaipur) की प्रथम बैठक उत्साहपूर्वक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रोफेशनल शेफ्स, होम कुक्स, होम बेकर्स तथा उन सभी लोगों को एक साझा मंच प्रदान करना रहा जो कुकिंग को अपना जुनून और करियर मानते हैं।

घर की रसोई में स्वाद और हुनर का जादू बिखेरने वाली महिलाओं, होम कुक्स, होम बेकर्स और पाक कला प्रेमियों के लिए उदयपुर में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। “टेस्ट मेकर्स उदयपुर “ ऐसा साझा मंच बनेगा, जहां सदस्य नई-नई रेसिपी सीख सकेंगे, अनुभवी शेफ्स से मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे, अपने हुनर को निखार सकेंगे और समान रुचि रखने वाले लोगों के साथ जुड़कर एक मजबूत नेटवर्क तैयार कर सकेंगे। संस्था का उद्देश्य पाक कला को केवल शौक तक सीमित न रखकर उसे पहचान, अवसर और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।

बैठक में संस्था के गठन, उद्देश्यों एवं भविष्य की गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर बीसीआई के संस्थापक मुकेश माधवानी एवं शेफ विक्रम माधवानी ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए बैठक की अगुवाई की। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य उदयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में पाक कला से जुड़े प्रतिभाशाली लोगों को एक मंच पर लाकर उनके कौशल को बढ़ावा देना है।

मुकेश माधवानी ने बताया कि “टेस्ट मेकर्स उदयपुर “ के माध्यम से घर-घर में छिपी पाक प्रतिभाओं को आगे लाने का प्रयास किया जाएगा। यहां सदस्य नई-नई रेसिपी सीख सकेंगे, अनुभवी शेफ्स से प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, एक-दूसरे के अनुभव साझा करेंगे तथा अपने हुनर को व्यापक पहचान दिला सकेंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि हिंदू पंचांग के अनुसार शुभ मुहूर्त में बुधवार को प्रथम पूज्य बोहरा गणेश जी मंदिर में संस्था के नाम के पोस्टर के साथ विधिवत शुभारंभ एवं गठन की घोषणा की जाएगी।

बैठक में शेफ करण माधवानी, शेफ निर्मला सोनी, शेफ रश्मि किशोर आच्छवानी, होम कुक शोभना जी, अंजू चोपड़ा, ममता आर. बंगड़ एवं माधुरी जैन सहित अनेक सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने संस्था के उद्देश्यों का समर्थन करते हुए अपने-अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।

सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि टेस्ट मेकर्स उदयपुर आने वाले समय में कुकिंग प्रतियोगिताओं, वर्कशॉप्स, शेफ वॉक, फूड फेस्टिवल, रेसिपी एक्सचेंज कार्यक्रमों तथा विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से पाक कला के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य करेगा।

बैठक का समापन संस्था के उज्ज्वल भविष्य, आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तथा पाक कला से जुड़े अधिक से अधिक लोगों को इस मंच से जोड़ने के संकल्प के साथ हुआ।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!