हिंदी की महिमा और गणपति भक्ति से गूंजा ऐश्वर्या ग्रुप ऑफ कॉलेजेस

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

हिंदी दिवस पर मातृभाषा के सम्मान का संदेश, गणेश चतुर्थी पर विद्यार्थियों ने उत्साह से मनाया पर्व
उदयपुर। ऐश्वर्या ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में हिंदी दिवस एवं गणेश चतुर्थी पर्व का भव्य आयोजन उल्लास, उमंग और धार्मिक आस्था के साथ किया गया। दोनों अवसरों पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भारतीय संस्कृति, भाषा और संस्कारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
फार्मेसी विभाग के प्राचार्य गजाराम सीरवी ने बताया कि हिंदी दिवस के अवसर पर गुरु नानक गर्ल्स स्कूल के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अनिल चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कारों और अस्मिता की पहचान है। युवा पीढ़ी को मातृभाषा के प्रति प्रेम, गौरव और सम्मान का भाव रखते हुए हिंदी साहित्य से जुड़ना चाहिए और इसके संवर्धन में योगदान देना चाहिए।
महाविद्यालय में गणेश चतुर्थी पर्व भी पूरी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। समारोह में एलीमेंट्री एजुकेशन डिपार्टमेंट की अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती किरण बाला झिंगर अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने भगवान गणेश के पौराणिक महत्व, सांस्कृतिक परंपराओं एवं वैज्ञानिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गणेश उत्सव सामूहिक एकता, अनुशासन और सकारात्मकता का संदेश देता है। भगवान गणेश बुद्धि, विवेक और विघ्नहर्ता के प्रतीक हैं।
कार्यक्रम का संचालन छात्रा प्रियल वसीटा ने किया। आयोजन में महाविद्यालय के सभी विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों एवं उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!