फतहनगर में 7 से 11 अक्टूबर तक मनेगा अग्रसेन जयंती महोत्सव, तैयारियां पूरी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

फतहनगर। मारवाड़ी अग्रवाल समाज संस्थान, फतहनगर के तत्वावधान में श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 का आयोजन 7 से 11 अक्टूबर तक गुलाब वाटिका में किया जाएगा। पांच दिवसीय महोत्सव का संचालन मारवाड़ी अग्रवाल समाज महिला मंडल द्वारा किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

महोत्सव का शुभारंभ 7 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे ध्वजारोहण के साथ होगा। इसके बाद बच्चों एवं समाजजनों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें चम्मच रेस, बैडमिंटन, आउटडोर गेम्स सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं शामिल हैं। रात 9 बजे बड़ों के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता होगी।

8 अक्टूबर को पिलो पासिंग, हाऊजी, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, पाइप क्लीनर से सजावट सहित विभिन्न खेल होंगे। शाम 7 बजे डी.जे. नाइट एवं कपल गेम्स का आयोजन किया जाएगा। 9 अक्टूबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं के बाद शाम 7 बजे भव्य भजन संध्या होगी। इसमें उदयपुर की प्रसिद्ध भजन गायिका इतिशा अग्रवाल भजनों की प्रस्तुति देंगी। भजन संध्या के लिए लाल रंग की ड्रेस का ड्रेस कोड रखा गया है।

10 अक्टूबर को डांस प्रतियोगिता सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शाम 7 बजे सांस्कृतिक संध्या में फैंसी ड्रेस, डांस एवं कविता पाठ प्रतियोगिताएं होंगी।

महोत्सव के अंतिम दिन 11 अक्टूबर को सुबह 6 बजे बड़ों की कबड्डी प्रतियोगिता, सुबह 9 बजे वाहन रैली तथा सुबह 11 बजे गुलाब वाटिका से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में पुरुषों से सफेद वस्त्र तथा महिलाओं से चुन्दड़ की साड़ी पहनकर शामिल होने का आग्रह किया गया है।

महोत्सव के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। 7 से 11 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम गुलाब वाटिका में समाजजनों के लिए सामूहिक प्रीतिभोज (महाप्रसादी) का आयोजन भी होगा।

समाज संस्थान ने 11 अक्टूबर को सभी समाजबंधुओं से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर अग्रसेन जयंती महोत्सव एवं शोभायात्रा में सपरिवार भाग लेने की अपील की है। संस्थान अध्यक्ष मुकेश गर्ग, मंत्री संजय गोयल सहित महिला मंडल एवं तरुण सभा की कार्यकारिणी ने समाजजनों से आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!