उदयपुर। शहर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने बाइक पर खतरनाक स्टंट करने और उनके वीडियो इंस्टाग्राम व फेसबुक पर अपलोड कर दूसरे युवाओं को उकसाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन द्वारा सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट के वीडियों अपलोड कर युवाओं को उकसाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के विशेष निर्देश दिए गए। इनकी पालना में थाना पुलिस की सोशल मीडिया टीम द्वारा इंटरनेट प्लेटफाॅम्र्स पर सतत निगरानी रखी जा रही थी। जिसके दौरान इस वीडियों का पता चला। जिस पर साइबर सेल के तकनीकी सहयोग से टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियों अपलोड करने वाले विनोद पुत्र भंवर लाल निवासी धावडिया महुवाडा जावरमाइंस जिला सलुम्बर हाल चित्रकुट नगर सुखेर उदयपुर को गिरफ्तार किया। उदयपुर पुलिस ने आमजन और विशेषकर युवा वर्ग से अपील की है कि वे बाइकों या कारों पर किसी भी तरह की स्टंटबाजी न करें। पुलिस की सोशल मीडिया सेल लगातार ऐसे वीडियो और अकाउंट्स पर पैनी नजर रख रही है। यदि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर स्टंट करता या उसे बढ़ावा देता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैंक खाते का गलत उपयोग कर पाए रुपए
उदयपुर। जिले के गोगुंदा क्षेत्र में बैक खाते का गलत उपयोग कर रुपए प्राप्त करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार गोगंदा थाने के कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने प्रकाश मेघवाल पुत्र अमृत लाल निवासी गोगुंदा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें खाते का गलत उपयोग कर धन राशि प्राप्त करने का आरोप लगाया। इसी तरह प्रतापनगर थाने के कांस्टेबल रामस्वरुप ने रींकू यादव निवासी बोहरा गणेश चौराहा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपी रिंकू यादव के बैंक खाता म्युल अकाउंट की परिधि में आकर साईबर फ्रॉड व धोखाधडी करने का आरोप लगाया है। इसी तरह प्रतापनगर थाने के हैड कांस्टेबल राजूराम ने हरिसिंह राजपूत निवासी एफ ब्लॉक प्रतापनगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपी हरिसिंह राजपूत के बैंक खाता म्युज अकाउंट की परिधि में आकर साईबर फ्रॉड व धोखाधडी का आरोप लगाया। इसी तरह भेरुसिंह चारण निवासी पुरोहितों की मादडी और नवीनसिंह पुत्र देवी सिंह निवासी जयराम कॉलोनी प्रतापनगर के खिलाफ भी अलग अलग दो रिपोर्ट दर्ज की गई जिसमें उनके बैंक खाता म्यूज अकाउंट की परिधि में आकर साईबर फ्रॉड व धोखाधडी करना पाया गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
मोबाइल पर मैसेज आए और बैंक खाते से निकल गए रुपए
उदयपुर। शहर के पुलिस लाईन क्षेत्र में युवती के मोबाइल पर मैसेज आने के साथ खाते से रुपए निकल जाने की धोखाधडी होने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार माया कुमारी पुत्री हेमराज नायक निवासी मोटा टांडा मोटाडमव बांसवाडा ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ दी रिपोर्ट में बताया कि 29 जुलाई को उसके मोबाइल पर पैसे मैसेज एक साथ आने लगे जिस पर उसने मैसेज खोलकर देखे तो 44999 रुपए, 3000 रुपए, 49999 रुपए, 3450 रुपए, 1000 रुपए और 56289 रुपए खाते से निकल जाने का पता चला। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
घर से चांदी के पायजब चोरी
उदयपुर। जिले के कुराबड कस्बे में घर से चांदी के पायजब चोरी होने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार शुभम कुमार पुत्र अशोक कुमार सेठी जेन निवासी सदर बाजार कोठडी भीलवाडा ने दी रिपोर्ट में बताया कि 28 जुलाई को शाम सवा छह बजे धोबी घाट स्थित उसके घर से पैरों में पहनने वाले चांदी के पायजेब अज्ञात बदमाश चुरा ले गया। पुलिस चोर का पता लगा रही है।
विवाहिता को बात करने जबरन किए मैसेज
उदयपुर। शहर के गोवर्धनविलास क्षेत्र में विवाहिता को जबरन बात करने के लिए मैसेज कर परेशान करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस केअ नुसार पीडिता ने गौरव नामक युवक के खिलाफ गोवर्धनविलास थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपी द्वारा उसको जबरन बात करने के लिए मैसेज कर दबाव बनाकर परेशान करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
युवती से छेडछाड व अश्लील हरकत का आरोप
उदयपुर। जिले के डबोक थानांतर्गत युवती के साथ छेडछाड कर अश्लील हरकत करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार पीडिता ने लोकेश कुमार नामक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें 30 जुलाई को तुलसीदास की सराय स्थित रिलायंस पंप के पास उसके साथ आरोपी द्वारा छेडछाड कर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है
हत्या के दो आरोपियों को उम्रकैद, 50—50 हजार रुपए जुर्माना
उदयपुर। अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश खेरवाडा डॉ जगदीश कुतल ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाते हुए 50—50 हजार रुपए जुर्माने से दंडित किया। प्रकरण के अनुसार बंजारिया निवासी राहुल डामोर ने गत सात मार्च 2023 को खेरवाडा ािाने में दी रिपोर्ट में बताया कि होलली के दिन विकास बीडी मांगने मृतक बंशीलाल के घर गया जहां बीडी उेने से इंकार करने पर विकास ने बंशीलाल का गला पकड लिया। इस दौरान जयेश तलवार लेकर आया और बंशीला पर हमला कर दिया जिससे उसकी मृत्यु हो गई। सुनवाई के दौरान अपर लोक अभियोजक संदेश कोठारी ने 17 गवाह व 30 दस्तावेज साक्ष्य में प्रस्तुत किए। मामले में दोनों पक्षों को सुनने के बाद न्यायाधीश ने दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाते हुए 50—50 हजार रुपए जुर्माने से दंडित किया।
मावली में दो ज्वेलरी शॉप में चोरों ने साफ किए हाथ
उदयपुर। जिले के मावली में गुरुवार रात को सोनों ने दो ज्वेलरी शॉप की दीवार तोडकर अंदर से सोने चांदी के जेवरात व नगदी चुरा ले गए। साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी तोडने के साथ ही डीवीआर भी साथ ले गए। पुलिस के अनुसार मावली के मुख्य बाजार स्थित शिवम ज्वेलर्स और राज ज्वेलर्स नामक दुकानों में घुसने के लिए चोरों ने पीछे की दीवारों को तोडकर रास्ता बनाया। चोर शिवम ज्वेलर्स से करीब आठ किलो चांदी और सोने के जेवरात ले गए। शुक्रवार सुबह सूचना मिलने पर मालिक धर्मेंद्र सोनी और उसके पिता मौके पर पहुंचे। चोरों ने पास ही स्थित राज ज्वेलर्स पर भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मालिक राजतिलक सोनी ने बताया कि उसकी दुकान की पीछे की दीवार तोडकर चोर अंदर घुसे और सोने चांदी के जेवरात चुरा ले गए। चोर सीसीटीवी का पता चलने पर डीवीआर भी उठाकर ले गए। चोरी की वारदात से आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया। व्यापारियों ने बाजार में गश्त को पर्याप्त न बताते हुए बढाने की मांग की है। बाजार दोपहर से तक बंद रहे। इधर उदयपुर शहर में भी पंचवटी स्थित नवीन ज्वैलर्स में भी चोर शटर तोडकर अंदर से करीब एक करोड रुपए कीमत के सोने चांदी के जवेरात, डायमंड व करीब नौ लाख् रुपए नगद चुरा ले गए। दुकान में लगे सीसीटीवी में चार चोर वारदात को अंजाम देते हुए कैद हुए है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
